Vrindavan News: धर्मनगरी वृन्दावन में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. वृन्दावन कोतवाली प्रभारी अधिकतर समय शहर भ्रमण में रहते हैं, बावजूद इसके ना तो शहर की यातायात व्यवस्था सुधर रही है और ना ही जाम की समस्या कम हो रही है. इसके चलते बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन घटनाएं सामने आ रही हैं. पुलिस का खौफ भी धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है.
ADVERTISEMENT
सबसे चिंताजनक स्थिति परिक्रमा मार्ग की है, जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु आस्था के साथ परिक्रमा करते हैं. इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और दण्डवती परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु भी शामिल हैं. लेकिन इसी मार्ग पर कुछ युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल दौड़ाते हुए कानून को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं. ये युवक न केवल खतरनाक स्टंट करते हैं, बल्कि बाइक के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाजें निकालकर दहशत फैलाते हैं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार बाइक से बचने के लिए श्रद्धालु इधर-उधर भागते नजर आते हैं. एक वीडियो में तो दण्डवती परिक्रमा कर रहा श्रद्धालु बाल-बाल बचता दिख रहा है. यह स्थिति किसी बड़े हादसे का संकेत दे रही है.
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है. अब देखना होगा कि एसएसपी श्लोक कुमार इस लापरवाही पर क्या कदम उठाते हैं और क्या परिक्रमा मार्ग पर बेलगाम बाइकर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो पाती है या नहीं.
ADVERTISEMENT









