मथुरा में पांटून पुल से टकराकर 25 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, यमुना में डूबने से 6 लोगों की मौत

Vrindavan Boat Accident:मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी के केसी घाट पर बड़ा हादसा हो गया जहां श्रद्धालुओं से भरी नाव पुल से टकराकर पलट गई. इस दर्दनाक घटना में 6 लोगों की मौत हो गई. जबकि कई घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.

Vrindavan Boat Accident

मदन गोपाल

10 Apr 2026 (अपडेटेड: 10 Apr 2026, 04:57 PM)

follow google news

Vrindavan Boat Accident: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अनियंत्रित होकर यमुना नदी में पलट गई. हादसे के वक्त नाव में करीब 25 श्रद्धालु सवार थे जो नाव पलटते ही गहरे पानी में जा गिरे. मथुरा के डीएम  चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है.वहीं एक दर्जन श्रद्धालुओं के लापता होने की आशंका है.इस घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई.

यह भी पढ़ें...

पांटून पुल से टकराकर पलटी नाव

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ जब श्रद्धालु नाव में सवार होकर यमुना विहार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि नाव केसी घाट के पास स्थित पांटून पुल से जा टकराई जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते पानी में पलट गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. स्थानीय मल्लाहों और पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. कड़ी मशक्कत के बाद पानी में डूबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला जा रहा है. 

फिलहाल मौके पर मौजूद एम्बुलेंस के जरिए घायल और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार के लिए वृंदावन के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम उनका प्राथमिक उपचार कर रही है. फिलहाल सभी की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं और इस बात की जांच की जा रही है कि क्या नाव चालक के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण थे या नहीं. 

सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा के वृंदावन में हुए नाव हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं. इस दौरान सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं.