Mathura CM Visit: खराब मौसम के बावजूद वृंदावन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, दो घंटे देरी से हुआ आगमन, सीधे मलूक पीठ कार्यक्रम में पहुंचे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को खराब मौसम के बावजूद वृंदावन पहुंचे. पवन हंस हेलीपैड पर बाबा रामदेव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे मलूक पीठ के कार्यक्रम में शामिल हुए.

Newzo

• 05:50 PM • 07 Apr 2026

follow google news

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को खराब मौसम के चलते अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देरी से हेलीकॉप्टर द्वारा वृंदावन पहुंचे. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उनका कार्यक्रम यथावत रहा और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पवन हंस हेलीपैड पर उतरा जहां पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे.

हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत योग गुरु बाबा रामदेव, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, ठाकुर मेघश्याम, योगेश नौहवार, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व मेयर मुकेश आर्य बंधु, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, महानगर अध्यक्ष राजू यादव, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा तथा जिलाधिकारी सीपी सिंह सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया.

स्वागत और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां 

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला. सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को पहले ही घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया था वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे. हेलीपैड पर औपचारिक स्वागत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिना किसी देरी के सीधे मलूक पीठ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हो गए. वहां उनके स्वागत और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं.

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है, जिसमें बड़ी संख्या में संत, महंत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही.