Akshat Singh First Night in Jail: लखनऊ के आशियाना में रहने वाला अक्षत सिंह लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अक्षत ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. फिर बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए उसने आरी से पिता की बॉडी को टकुड़े-टुकड़े में काट दिया. इसके बाद अक्षत ने पिता के शव के कुछ टुकड़े एक नीले ड्रम में भर दिए और कुछ पार्ट्स वह गाड़ी में भरकर सुनसान इलाके में फेंक आया. लेकिन उसका ये खौफना क्राइम ज्यादा दिनों तक छुप नहीं पाया. 20 फरवरी के लापता मानवेंद्र सिंह की तलाश में जुटी पुलिस ने जब उनके बेटे अक्षत से पूछताछ शुरू की तो वह लगातार अपने बयान बदल रहा था. इसके बाद पुलिस ने अक्षत से कड़ाई से सवाल पूछना शुरू किया तो उसने सब कुछ साफ-साफ बता दिया. अक्षत ने कहा कि मैंने ही अपने पिता की हत्या की है. इसके बाद अक्षत खुद पुलिस को पिता की बॉडी के पास ले गया जिसे देखकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए. इस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस अक्षत को गिरफ्तार कर जेल ले गई. लेकिन जेल में अक्षत की हरकतों को देखते हुए पुलिस की टीम अलर्ट मोड पर है .जेल में उसकी पहली रात खौफ, पछतावे और सन्नाटे के बीच गुजरी. वह पूरी रात सो नहीं सका और बार-बार बड़बड़ाता रहा. हालात ऐसे बिगड़े कि उसे जेल के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
ADVERTISEMENT
जेल में बेचैन दिख रहा अक्षत
सामने आई जानकारी के मुताबिक, जेल में अक्षत की मानसिक स्थिति स्थिर नहीं दिख रही है. वह पूरी रात दीवार के सहारे बैठा रहा और बीच-बीच में रोने लग रहा है. जेल प्रशासन के मुताबिक, उसने कल दोपहर में बहुत कम खाना खाया और रात में फिर भोजन से इनकार कर दिया, उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे जेल अस्पताल में शिफ्ट किया गया है जहां डॉक्टरों की टीम और दो सुरक्षाकर्मी उसकी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल उसकी काउंसिलिंग भी की जा रही है. वह बार-बार यही कह रहा है कि 'पापा ने मुझे पहले पीटा था इसलिए मैंने गोली मार दी.'
सरेंडर का था प्लान फिर किसने बदला दिमाग
पुलिस के मुताबिक, अक्षत ने बताया है कि पिता की हत्या करने के बाद वह थाने में सरेंडर करने की तैयारी में था. हालांकि एक करीबी के फोन पर उसने अपना इरादा बदल दिया. माना जा रहा है कि उसी करीबी के कहने पर गुमशुदगी दर्ज कराने और शव को ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली. पुलिस अब उस करीबी के बारे में साक्ष्य संकलन कर रही है. पुलिस अब अक्षत की कॉल डिटेल की पड़ताल कर रही है. किसी अन्य की भूमिका मिली तो कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही परिवार के लोगों की कॉल डिटेल भी पुलिस खंगाल रही है. मानवेंद्र और अक्षत की सीडीआर से कई राज सामने आएंगे. मानवेंद्र किन लोगों से बात करते थे इसके बारे में भी पुलिस पता लगाएगी. हत्या के बाद अक्षत ने किन लोगों से संपर्क किया था इसकी जानकारी भी की जा रही है. यही नहीं वारदात के समय मकान में मौजूद लोगों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे और यह पता लगाया जाएगा कि हत्या में किसी और की संलिप्तता तो नहीं है.
ADVERTISEMENT









