लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 लोगों के नाम आए सामने, घायलों की सूची भी जारी

लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 लोगों की पहचान प्रशासन ने सार्वजनिक कर दी है. हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

UP Tak

यूपी तक

• 07:57 PM • 22 Jun 2026

follow google news

Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान सामने आ गई है. प्रशासन की ओर से जारी सूची के मुताबिक हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

यह भी पढ़ें...

इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. मृतकों में कई युवा छात्र शामिल हैं, जो इमारत में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद थे. आग लगने के बाद इमारत में तेजी से धुआं भर गया था, जिससे कई लोग बाहर नहीं निकल सके.

ये हैं हादसे में जान गंवाने वाले 15 लोग

प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार मृतकों में सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुष्ण, सुरभमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, मनीष, अब्दुल रहमान, सूरज भाट, भानुजान, जॉयनील चक्रवर्ती, मोहम्मद उमार और सुमैया शामिल हैं.

घायलों की सूची भी आई सामने

हादसे में घायल हुए लोगों में जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आरिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेन्द्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार शामिल हैं. इनमें से कुछ घायलों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है.

आग से बचने के लिए लगानी पड़ी थी छलांग

हादसे के दौरान कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग भी लगाई थी. केजीएमयू के डॉक्टर के मुताबिक दो लोगों की कमर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है. 

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमी अग्रवाल ने बताया कि हादसे के बाद 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया. इनमें से पांच बच्चों को चोटें आई थीं, जिन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि दो बच्चों को कूदने की वजह से कमर में चोट लगी है. उनकी सीटी स्कैन समेत जरूरी जांचें कराई गई हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है.

क्या है पूरा मामला?

सोमवार को अलीगंज के पुरनिया इलाके की एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी. आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं से भर गया. राहत और बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन 15 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.