Cm Yogi on Lucknow Fire Incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई. इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ का दौरा बीच में ही रद्द कर दिया है. वे तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं. अलीगढ़ में मौजूद जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ के मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा, "मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है. उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं,उनकी दुखद मौत हुई है. इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं."
उन्होंने कहा, "इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें. मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें!"
ये है पूरा मामला
इस दर्दनाक अग्निकांड को लेकर अब तक आई जानकारियों के अनुसार, हादसे में 14 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. जान गंवाने वाले सभी मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई गई है.
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी उसके ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर एक गेमिंग जोन संचालित हो रहा था. अचानक आग लगने के बाद ऊपरी मंजिल पर मौजूद युवाओं और कर्मचारियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. आग की भयावह लपटों को देखकर कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के छज्जों और अन्य कोनों का सहारा लेते हुए नजर आए. इसी बीच, एक शख्स ने जान बचाने की कशमकश में इमारत से नीचे छलांग लगा दी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जांच के लिए DGP और ACS होम को निर्देश, कूलिंग ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया. दोबारा आग भड़कने की किसी भी आशंका को खत्म करने के लिए फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरी घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पहले ही मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दे दिए थे. सीएम ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को तत्काल मौके पर जाकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
यहां वीडियो में देखें सीएम योगी का बयान
ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में गेमिंग जोन में लगी भयानक आग, 10 से ज्यादा लोगों की हुई मौत
ADVERTISEMENT










