'भैया नहीं सर होता है, सैल्यूट करो'... लखनऊ में फर्जी IPS बनकर मिथिलेश शुक्ला असली पुलिसवालों के सामने झाड़ रहा था रॉब, खुल गई पोल!

अंकित मिश्रा

16 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 12:00 PM)

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जालसाजी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. महानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था.

Lucknow Fake IPS Officer News

Lucknow Fake IPS Officer News

Google CTA

Lucknow Fake IPS Officer News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जालसाजी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. महानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था. हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने असली पुलिसकर्मियों को भी अपने प्रभाव में लेने की कोशिश की और उनसे कहता सुनाई दे रहा है कि 'भैया नहीं, सर होता है' और बताते हुए सुनाई दे रहा है कि नोएडा का IPS है और फिर सैल्यूट करने को बार-बार बोलते हुए भी सुनाई दे रहा है. जिसके बाद एक पुलिसकर्मी बोलते सुनाई दे रहा है कि 'मुझे आईडी दिखाइए, तब पता चलेगा कि यह कौन हैं. अरे, सुबह से हम लोग यही कर रहे हैं. अच्छा, ये नोएडा के IPS हैं? तो हम सल्यूट कर देंगे. इन्होंने वर्दी नहीं पहनी है, फिर भी हम इन्हें सल्यूट कर देंगे.'हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते उसकी फर्जी पहचान ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया.

यह भी पढ़ें...

गोल मार्केट चौराहे पर मिली थी सूचना

जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम महानगर क्षेत्र के गोल मार्केट चौराहे पर पुलिस की नियमित चेकिंग चल रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर स्थानीय दुकानदारों से विवाद कर रहा है और उन पर धौंस जमा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ शुरू की.

पुलिसकर्मियों पर ही दिखाने लगा रौब

मौके पर पहुंची पुलिस से आरोपी ने खुद को बड़े ओहदे का अधिकारी बताते हुए बात की. इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों पर ही सैल्यूट करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. शुरुआत में पुलिसकर्मी उसके दावों को लेकर थोड़े असमंजस में थे, लेकिन उसकी बातचीत के तरीके और हाव-भाव को देखकर उन्हें शक होने लगा. जब उससे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा गया तो वह भड़क उठा और आईडी देने के बजाय पुलिसवालों के नाम-पते पूछने लगा. आरोपी ने उन्हें निलंबित कराने तक की धमकी दे डाली.

हिरासत में लेते ही खुल गई सच्चाई

स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. पूछताछ के दौरान उसकी पूरी हेकड़ी निकल गई और उसकी असलियत सामने आ गई. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई है, जो लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र का निवासी है.

IPS अधिकारी बताता था खुद को

पुलिस जांच में सामने आया कि मिथिलेश शुक्ला खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब दिखाता था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया या किसी तरह की ठगी को अंजाम दिया. फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.