ट्रेन में सीट न मिलने पर नाराज होकर फैलाई बम की अफवाह..., लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन यात्री की हरकत से मचा हड़कंप

Ashbagh Railway Station News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की गैरजिम्मेदाराना हरकत से अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Lucknow Ashbagh Railway Station News

Lucknow Ashbagh Railway Station News

आशीष श्रीवास्तव

• 03:58 PM • 16 Jun 2026

follow google news

Lucknow Ashbagh Railway Station News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की गैरजिम्मेदाराना हरकत से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और स्थानीय पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. सूचना मिलते ही ट्रेन की गहन तलाशी शुरू कर दी गई. जांच पूरी होने के बाद पता चला कि बम की सूचना पूरी तरह फर्जी थी. इसके बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें...

सीट नहीं मिली तो फैला दी बम की अफवाह

पुलिस के अनुसार यह घटना ऐशबाग रेलवे स्टेशन की है. बताया गया कि तेलंगाना निवासी 26 वर्षीय युवक ट्रेन से यात्रा करने के लिए स्टेशन पहुंचा था. हालांकि उसे ट्रेन में बैठने के लिए सीट नहीं मिल सकी. इसी बात से नाराज होकर उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना दे दी. युवक की इस हरकत से रेलवे परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया.

सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

बम की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी. स्थानीय पुलिस, जीआरपी और अन्य सुरक्षा इकाइयों की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रेन के सभी कोचों की सघन तलाशी शुरू की गई. सुरक्षा के मद्देनजर कई यात्रियों को ट्रेन से नीचे उतार दिया गया और पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई. काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.

जांच में सामने आई सच्चाई

पूरी जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन को सुरक्षित घोषित कर दिया और उसे आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि सीट नहीं मिलने की वजह से उसने झूठी बम की सूचना दी थी. जीआरपी ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पुलिस ने लोगों से की अपील

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की झूठी सूचनाएं सुरक्षा एजेंसियों के संसाधनों पर अनावश्यक दबाव डालती हैं और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करती हैं. गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एक इंडिगो उड़ान में भी बम की फर्जी सूचना का मामला सामने आया था, जिसके कारण विमान करीब छह घंटे तक विलंबित रहा था. रेलवे और पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाह फैलाने से बचें और किसी भी आपात सूचना को जिम्मेदारी के साथ साझा करें.