Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केजीएमयू मेडिकल कॉलेज के बाद अब प्रतिष्ठित पीजीआई (PGI) परिसर से धर्मांतरण कराए जाने और 21 साल की एक युवती के लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी इरशाद अली उनकी बेटी का धर्म बदलना चाहता था और उसे सीरिया ले जाने की बात करता था. परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि इस पूरी साजिश में पीजीआई के एक डॉक्टर का भी सपोर्ट था. मामला सामने आने के बाद मंगलवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है.
ADVERTISEMENT
तलाश के लिए 3 टीमें गठित, आरोपी का फोन सर्विलांस पर
पीजीआई थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की बरामदगी और आरोपी की धरपकड़ के लिए सख्त कदम उठाए हैं. लापता युवती की तलाश के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर अभियान तेज कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिनसे अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं. वहीं मुख्य आरोपी इरशाद की गिरफ्तारी के लिए उसका फोन सर्विलांस पर लगाकर टीम को रवाना किया गया है.
संदेह के घेरे में डॉक्टर अजमल, विदेश जाने पर लगी रोक
आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों के बीच जांच का दायरा पीजीआई से जुड़े डॉक्टर तक पहुंच गया है. पुलिस ने जांच पूरी होने तक संबंधित डॉक्टर अजमल को शहर छोड़ने से मना कर दिया है. इसके साथ ही सिंगापुर में प्रस्तावित एक लेक्चर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डॉक्टर के विदेश जाने पर भी रोक लगा दी गई है. आरोपी डॉक्टर अजमल पर दो मस्जिदों के निर्माण में भूमिका होने की बात भी सामने आई है. इनमें से एक मस्जिद पीजीआई परिसर में जबकि दूसरी पहलगाम में बनवाई गई है.
राखी बंधवाई, फिर आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर दी सीरिया ले जाने की धमकी
एसजीपीजीआई आवासीय परिसर में रहने वाले परिवार ने अपनी 21 वर्षीय बेटी के लापता होने को लेकर शिकायत में कई गंभीर बातें कही हैं. परिजनों के मुताबिक, युवती 21 मई 2026 को नौकरी से जुड़े काम के लिए तेलीबाग स्थित बी-2 मार्केट गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. युवती की गतिविधियां सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं, जिसकी फुटेज जांच के लिए सुरक्षित है.
परिवार के अनुसार, आरोपी इरशाद अली पहले रक्षाबंधन पर घर आया था और युवती से राखी भी बंधवाई थी. इसके बाद उसका घर में आना-जाना बढ़ गया.
सीरिया भेजने की धमकी!
आरोप है कि बाद में इरशाद ने युवती को फोन पर परेशान करना शुरू किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें बना लीं. विरोध करने पर आरोपी ने युवती को सीरिया भेजने जैसी बातें कही थीं. परिवार का कहना है कि पहले भी शिकायत की गई थी लेकिन तब ठोस कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि, पुलिस अभी इन सभी आरोपों और तथ्यों की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
हिंदू महासभा ने दी कमिश्नर ऑफिस घेरने की चेतावनी
इस संवेदनशील मामले को लेकर अब सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश है. अखिल भारत हिंदू महासभा ने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि हिंदू लड़की की जल्द बरामदगी नहीं हुई, तो वे कमिश्नर ऑफिस का घेराव करेंगे.
ADVERTISEMENT










