मथुरा-वृंदावन में अजय राय ने उठाए यमुना प्रदूषण और जाम के मुद्दे, कांग्रेस ने जनआंदोलन का दिया संकेत

Mathura Vrindavan Traffic Update: मथुरा-वृंदावन दौरे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यमुना प्रदूषण और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर व्यापक जनजागरण और जनसंघर्ष चलाएगी. कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान भी किया गया.

 Mathura News

Mathura News

Newzo

• 05:35 PM • 13 Jun 2026

follow google news

 Mathura Vrindavan Traffic Update: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज मथुरा जनपद के दौरे पर रहे. अपने प्रवास के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम गोविंद विहार स्थित यशोगोपाल होटल, वृंदावन में मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित किया. बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की गई.

यह भी पढ़ें...

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष कर रही है और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को पार्टी मंच पर लाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं.

बैठक के उपरांत अजय राय ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मथुरा-वृंदावन की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने माँ यमुना के बढ़ते प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी माँ यमुना को निर्मल एवं अविरल बनाने के लिए व्यापक जन-जागरण एवं जनसंघर्ष का अभियान चलाएगी. उन्होंने कहा कि माँ यमुना करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं, किंतु सरकार की उदासीनता के कारण उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.

प्रदेश अध्यक्ष ने मथुरा-वृंदावन की चरमराई यातायात व्यवस्था पर भी सरकार और प्रशासन को घेरते हुए कहा कि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं. ट्रैफिक प्रबंधन की विफलता के कारण लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं दिखाई देती.

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि मथुरा-वृंदावन की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, माँ यमुना के प्रदूषण, अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था तथा जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है. कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी.

मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त हुई है, महानगर कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष करेगी तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेगी.

अजय राय, प्रदीप माथुर, महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम तथा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ गोवर्धन पहुंचे, जहां उन्होंने गिरिराज महाराज की पावन परिक्रमा के लिए प्रस्थान किया. परिक्रमा के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश की उन्नति, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज में भाईचारे और सद्भावना की कामना करते हुए गिरिराज महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता उपस्थित रहे.