Lucknow Fire Breakdown: लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) इलाके में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आसमान में धुएं का गुबार और उठती लपटें देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई. जान बचाने के लिए लोग बिल्डिंग से कूदते नजर आए.
ADVERTISEMENT
इस अग्निकांड के बाद यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का भावुक वीडिया सामने आया. उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई इसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही बताया कि आग लगने की घटना में 11-12 लोगों की मौत हो गई है. सभी की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है.
शुरुआती जानकारी में इमारत में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इमारत में न तो कोई कोचिंग सेंटर था और न ही लाइब्रेरी चल रही थी. अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर पर काम करते थे.
दुकान से गेमिंग जोन तक फैली लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग पहले नीचे स्थित दुकान में लगी थी. लेकिन देखते ही देखते लपटें ऊपर की मंजिल पर पहुंच गईं, जहां गेमिंग जोन चल रहा था. इमारत से धुआं उठता देख आस-पास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत-बचाव कार्य में हाथ बंटाया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए.
आग की भयावह स्थिति को देखते हुए कई लोग इमारत से बाहर निकलने के लिए छज्जों और अन्य हिस्सों का सहारा लेते नजर आए. एक शख्स ने जान बचाने के लिए ऊपर छलांग लगा दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है. फिलहाल दोबारा आग न भड़के इसके लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए.
एक घायल अस्पताल में भर्ती
शुरुआती आशंकाओं के बीच खबर आई थी कि इमारत के अंदर 4-5 लोग फंसे हुए हैं, लेकिन राहत और बचाव टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी इस पूरी घटना की जानकारी ली और राहत कार्यों की लगातार निगरानी की.
लखनऊ पुलिस और प्रशासन ने बताया कि जान बचाने के लिए इमारत से कूदने वाला एक घायल शख्स अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में फैली अफरा-तफरी अब पूरी तरह शांत हो चुकी है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT










