Varanasi NEET UG Re-Exam News: नीट यूजी री-एग्जाम के दौरान अनुचित सामग्री के साथ पकड़े गए परीक्षार्थी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है. वाराणसी पुलिस आरोपी छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. इस दौरान आरोपी के सवालों पर कुछ भी कहने से बचता रहा. बताया जा रहा है कि मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे धारा 151 के तहत सुनवाई के लिए पुलिस लाइन स्थित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था छात्र
जानकारी के अनुसार, बलिया निवासी परीक्षार्थी प्रिंस दुबे RE-NEET UG परीक्षा देने के लिए वाराणसी के मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचा था. परीक्षा शुरू होने से पहले प्रवेश द्वार पर सघन जांच के दौरान उसे रोक लिया गया. तलाशी लेने पर उसके अंडर गारमेंट से ग्लू के कुछ छोटे पैकेट, फेविकोल की छोटी डिब्बी, बीते दिनों आयोजित NEET परीक्षा का प्रश्नपत्र और एक सिम बरामद होने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
पहले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने की आई थी जानकारी
इस मामले में शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि छात्र के कपड़ों से चिपनुमा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ था. परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के चलते उसे तुरंत हिरासत में लिया था. नीट यूजी परीक्षा में पहले सामने आई गड़बड़ियों के बाद आयोजित री-एग्जाम में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त रखी गई थी और सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की जा रही थी.
मेडिकल के बाद मजिस्ट्रेट के सामने होगी पेशी
ताजा जानकारी के मुताबिक पुलिस आरोपी छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. अस्पताल में भी छात्र ने किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से परहेज किया. बताया जा रहा है कि मेडिकल पूरा होने के बाद पुलिस धारा 151 के तहत उसे पुलिस लाइन स्थित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










