Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सामने आई तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं. हादसे में 15 लोगों को मृत अवस्था में केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जबकि पांच घायल बच्चों का इलाज चल रहा है. इनमें दो बच्चे ऐसे हैं, जिन्होंने आग से बचने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी थी और उनकी कमर में गंभीर चोटें आई हैं.
ADVERTISEMENT
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमी अग्रवाल ने बताया कि हादसे के बाद 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया. इनमें से पांच बच्चों को चोटें आई थीं, जिन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि दो बच्चों को कूदने की वजह से कमर में चोट लगी है. उनकी सीटी स्कैन समेत जरूरी जांचें कराई गई हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है.
15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया
डॉ. अमी अग्रवाल ने बताया कि 15 लोगों को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि पांच शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है, जबकि बाकी 10 शवों को भेजने की प्रक्रिया जारी है.
आग से बचने के लिए लगानी पड़ी छलांग
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद इमारत में तेजी से धुआं भर गया था. कई लोग अंदर फंस गए थे. जान बचाने के लिए कुछ बच्चों ने ऊपर से नीचे छलांग भी लगाई. इन्हीं में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज केजीएमयू में चल रहा है.
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है.
क्या है मामला?
सोमवार को पुरनिया इलाके की एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई थी. बताया गया कि इमारत में एनिमेशन सिखाया जाता था. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT










