मम्मी-पापा मुझे बचा लो... लव मैरिज के 5 महीने बाद ही ससुराल वालों ने हिमांशी को जैसे मारा उसने पुलिस को भी हिला दिया

अंकित मिश्रा

• 05:31 PM • 14 Jul 2026

Lucknow Crime News: लखनऊ के चर्चित हिमांशी हत्याकांड में दहेज हत्या का सनसनीखेज आरोप सामने आया है. शादी के महज पांच महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, CCTV फुटेज, फरार ससुराल पक्ष और शव की तलाश में जुटी पुलिस की जांच ने मामला गंभीर बना दिया है.

Lucknow Himanshi Murder Case

Lucknow Himanshi Murder Case

Google CTA

Lucknow Himanshi Murder Case: एक खुरपा लेकर अंदर दौड़ा है... और अंदर से चीखने की आवाज आ रही है... मम्मी-पापा मुझे बचा लो, मम्मी-पापा बचा लो.' ये वो आखिरी और दर्दनाक शब्द थे जो लखनऊ की नवविवाहिता हिमांशी ने मरने से ठीक पहले अपनी आखिरी सांसों में कहे थे. शादी के महज 5 महीने बाद प्यार और अपनों के भरोसे की बलि चढ़ गई. लखनऊ में हुए इस सनसनीखेज हिमांशी हत्याकांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है. आरोप है कि दहेज के लालची ससुरालवालों ने एक हंसती-खेलती बेटी की जान ले ली. फिर वारदात को छुपाने के लिए शव को कार में डालकर फरार हो गए. पुलिस के हाथ इस हत्याकांड का वो सबसे बड़ा और खौफनाक सबूत लगा है जिसका सीसीटीवी फुटेज देखकर किसी की भी रूह कांप जाए.

यह भी पढ़ें...

लव मैरिज के 5 महीने बाद ही हिमांशी की मौत

क्राइम की इस खौफनाक दास्तान की शुरुआत 13 फरवरी 2026 को हुई थी. सीतापुर के तानसेनगंज के रहने वाले पवन कश्यप ने अपनी बेटी हिमांशी की शादी अटरिया के बीरसिंहपुर के रहने वाले प्रदीप गौर से कराई थी. यह एक लव मैरिज थी. हिमांशी ने अपनी मर्जी और पसंद के लड़के से शादी की थी और उसकी आंखों में खूबसूरत जिंदगी के सपने थे. लेकिन उसे क्या पता था कि जिस हमसफर को उसने चुना वह और उसका परिवार महज 5 महीने के भीतर ही उसकी जान के दुश्मन बन जाएंगे. शादी के कुछ समय बाद ही प्यार का रंग प्रताड़ना में बदल गया और दहेज की मांग को लेकर हिमांशी को नरक जैसी जिंदगी जीने पर मजबूर कर दिया गया.

कातिल हाथ में खुरपा लिए दौड़ रहे थे

मृतक हिमांशी के पिता ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि बेटी बार-बार फोन कर कह रही थी कि मुझे यहां से ले जाओ, मेरी जान खतरे में है. जब तक पिता बेटी को बचाने ससुराल पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका था और पूरा ससुराल पक्ष गायब था.

संदेह होने पर जब पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर से सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया. इस फुटेज ने हत्या की पूरी कड़वी सच्चाई सामने ला दी. पिता ने रोते हुए बताया 'वीडियो में साफ दिख रहा है कि ससुराल वाले हाथ में खुरपा लेकर हिमांशी को जान से मारने के लिए दौड़ा रहे हैं. घर के अंदर उसकी ननद, सास और भांजा प्रदीप सब नजर आ रहे हैं. इस खौफनाक मंजर के कुछ ही देर बाद वीडियो में हिमांशी की लाश को कार में रखते हुए देखा गया जिसके बाद सब ताला बंद कर भाग निकले.'

क्राइम ब्रांच की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर दिमाग के हैं. कत्ल की वारदात को अंजाम देने और शव को ठिकाने लगाने के बाद उन्होंने लिए एक झूठी कहानी रची. उन्होंने पड़ोस के लोगों से कहा कि 'पूरा परिवार अमरनाथ यात्रा पर जा रहा है.' इस बहाने को आगे कर वे घर पर ताला लगाकर शव समेत फरार हो गए.

पिता के मुताबिक, शादी के इन 5 महीनों में पहले भी हिमांशी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी. उस वक्त मामला कोतवाली पहुंचा था और तत्कालीन कोतवाल साहब ने दोनों पक्षों के बीच समझा-बुझाकर समझौता करा दिया था. लेकिन दरिंदों के मंसूबे शांत नहीं हुए थे.

शव की तलाश में जुटी 3 टीमें

हिमांशी के पिता की लिखित शिकायत पर लखनऊ पुलिस ने आरोपी पति प्रदीप गौर, ससुर और सास समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

यूपी Tak की टीम को फोन पर मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने और फरार आरोपियों को दबोचने के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सेल समेत कुल 3 स्पेशल टीमों को काम पर लगाया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों के बेहद करीब हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे. पुलिस इस वक्त फरार आरोपियों के साथ-साथ पीड़िता के शव को बरामद करने के लिए लगातार दबिश दे रही है.

फिर खड़ा हुआ एक गंभीर सवाल

कभी नोएडा की दीपिका नागर जिसकी शादी के 13 महीने बाद हत्या कर दी गई. कभी नोएडा की ही ट्विशा शर्मा जिसकी जिंदगी शादी के महज 5 महीने में खत्म हो गई. अब लखनऊ की हिमांशी... एक बार फिर देश की कानून व्यवस्था और सामाजिक सोच पर गहरा सवालिया निशान खड़ा है कि आखिर कब तक दहेज के नाम पर बेटियां यूं ही बलि चढ़ती रहेंगी? आखिर कब थमेगा ससुराल में मासूम जिंदगियों को खामोश करने का यह खूनी सिलसिला?