'मेरे साथ कोलकाता के होटल में संबंध...' क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर लखनऊ की लड़की ने लगाए रेप के आरोप, FIR दर्ज

अंकित मिश्रा

14 Sep 2026 (अपडेटेड: 14 Sep 2026, 01:51 PM)

लखनऊ के आशियाना थाने में रणजी खिलाड़ी और भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर रेप का केस दर्ज किया गया है. महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी की बात टालते रहे.

Md kaif

Md kaif

Google CTA

लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. आशियाना थाने में एक महिला की शिकायत पर कैफ के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है. महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.

यह भी पढ़ें...

मामले में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब का नाम भी सामने आया है. महिला का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया और कैफ के परिवार से संपर्क किया तो हसीब ने उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया है.

मामला तब ज्यादा चर्चा में आया, जब महिला की शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. आखिर महिला ने अपनी शिकायत में क्या-क्या आरोप लगाए हैं? आइए जानते हैं...

2020 में कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई मुलाकात

महिला के मुताबिक, साल 2020 में गाजियाबाद में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मोहम्मद कैफ से हुई थी. इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया.

महिला का दावा है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था. उसने कैफ को बताया था कि वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है. आरोप है कि कैफ ने इन बातों पर कोई आपत्ति नहीं जताई और शादी करने का भरोसा दिया.

होटल में बुलाकर संबंध बनाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 9 सितंबर 2023 को कैफ ने महिला को कोलकाता के एक होटल में बुलाया. महिला का आरोप है कि वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए.

इसके बाद जब भी महिला ने शादी की बात की तो आरोप है कि कैफ आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करने की बात कहकर मामला टालता रहा. महिला का आरोप है कि वह एयरलाइंस में केबिन क्रू की नौकरी करती थी, लेकिन कैफ ने अपनी नापसंदगी का हवाला देकर उससे नौकरी छुड़वा दी.

आईपीएल ऑक्शन के बाद बदल गया रवैया?

महिला के आरोप के मुताबिक, आईपीएल ऑक्शन बीतने के बाद कैफ ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी. इसके बाद उसने कैफ के परिवार से संपर्क किया और शादी को लेकर बात रखने की कोशिश की.

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि 19 मई को उसे बातचीत के लिए अमरोहा बुलाया गया था. वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने उसके साथ बदसलूकी की और धमकी दी.

पहले थाने और फिर DCP से की शिकायत

महिला के मुताबिक, इस घटना के बाद वह आशियाना स्थित अपने घर लौट आई और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई. उसने शुरुआत में 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत की थी. इसके बाद डीसीपी से भी शिकायत की गई.

महिला का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. रविवार को उसकी शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आया और पुलिस ने कार्रवाई की.

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. इस मामले में मोहम्मद कैफ या उनके भाई मोहम्मद हसीब का पक्ष सामने नहीं आया है.