Lucknow Galaxy Classes Case: लखनऊ के कपूरथला इलाके में कोचिंग संस्थान के अचानक बंद होने से 500 से ज्यादा छात्रों का भविष्य अधर में पड़ गया है. आरोप है कि गैलेक्सी क्लासेज के संचालक ने SSC, यूपी पुलिस और TET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से फीस लेने के बाद कोचिंग सेंटर बंद कर दिया और फरार हो गया. छात्रों के मुताबिक उनसे करीब 15 हजार रुपये सालाना फीस ली गई थी. सोमवार को जब छात्र पढ़ाई के लिए कोचिंग पहुंचे तो संस्थान बंद मिला. इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं वहां जुट गए और प्रदर्शन करते हुए संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. परीक्षाएं नजदीक होने के कारण छात्रों में इस पूरे मामले को लेकर काफी गुस्सा देखने को मिला.
ADVERTISEMENT
अचानक बंद हो गई कक्षाएं
छात्रों का आरोप है कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए गैलेक्सी क्लासेज में दाखिला लिया था. कई छात्रों ने पूरी सालाना फीस या बड़ी रकम पहले ही जमा कर दी थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों से कोचिंग में पढ़ाने वाले शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने की बात भी सामने आई है. सोमवार को छात्र जब संस्थान पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला. इसके बाद छात्रों की भीड़ जमा हो गई. छात्रों का कहना है कि फीस लेने के बाद अचानक पढ़ाई बंद कर देना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है. सबसे ज्यादा चिंता उन अभ्यर्थियों को है, जिनकी SSC, यूपी पुलिस और TET समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं नजदीक हैं और इस समय उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है.
रिफंड के लिए मांगी छात्रों की डिटेल
कोचिंग संस्थान की ओर से छात्रों को टेलीग्राम के जरिए एक मैसेज भेजकर जानकारी दी गई कि 'अपरिहार्य कारणों से आगे से कोचिंग की कक्षाएं संचालित नहीं हो पाएंगी.' संस्थान की तरफ से इसके अलावा छात्रों से उनकी डिटेल भी मांगी गई है, ताकि रिफंड की राशि भेजी जा सके. हालांकि, छात्रों का आरोप है कि संचालक मौके पर मौजूद नहीं है और कोचिंग सेंटर बंद होने से उनकी पढ़ाई रुक गई है. अब छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जमा की गई फीस वापस कब मिलेगी और उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का क्या होगा. मामले को लेकर प्रभावित छात्रों ने मीडिया से भी बातचीत की है और अपनी परेशानी सामने रखी है. छात्रों की मांग है कि पूरे मामले की जांच हो और उनके हित में उचित कार्रवाई की जाए.
500 से ज्यादा छात्रों के सामने भविष्य की चिंता
कपूरथला स्थित गैलेक्सी क्लासेज में SSC, यूपी पुलिस और TET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती थी. ऐसे में संस्थान बंद होने का असर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों पर पड़ा है. छात्रों ने यूपी Tak से बातचीत में बताया कि कि उन्होंने समय और पैसा दोनों लगाकर यहां दाखिला लिया था, लेकिन परीक्षा के समय अचानक कक्षाएं बंद हो जाने से उनकी तैयारी पर सीधा असर पड़ा है. सोमवार के प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने संचालक के खिलाफ कार्रवाई और फीस वापसी की मांग उठाई. फिलहाल इस मामले में कोचिंग संचालक की ओर से ज्यादा कुछ नहीं कहा गया है. छात्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संस्थान ने टेलीग्राम मैसेज के जरिए कक्षाएं बंद होने की सूचना दी है और रिफंड के लिए डिटेल मांगी है.
ADVERTISEMENT











