नोएडा में दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में इन बातों का जिक्र

भूपेंद्र चौधरी

09 Sep 2026 (अपडेटेड: 09 Sep 2026, 08:41 AM)

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश मेहता ने नोएडा स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह करीब 75 साल के थे.

 Former Delhi Chief Secretary Rakesh Mehta News

Former Delhi Chief Secretary Rakesh Mehta News (Photo Representational)

Google CTA

Former Delhi Chief Secretary Rakesh Mehta News:  दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश मेहता ने नोएडा स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह करीब 75 साल के थे. घटना थाना फेस-2 क्षेत्र की सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसायटी की है. नोएडा पुलिस के मीडिया सेल के मुताबिक, 6 सितंबर को डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि सोसायटी में रहने वाले राकेश मेहता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही फेस-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया. घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी जांच की.

यह भी पढ़ें...

सुसाइड नोट में इन बातों का जिक्र

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, नोट में मानसिक तनाव और अलग-अलग शारीरिक बीमारियों का जिक्र होने की बात कही गई है. घटना के समय राकेश मेहता की पत्नी सुमंती मेहता देहरादून में अपने बेटे से मिलने गई हुई थीं. बताया गया कि पति के लगातार फोन नहीं उठाने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद घटना की जानकारी सामने आई. नोएडा पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. 

2007 से 2010 तक रहे थे दिल्ली के मुख्य सचिव

राकेश मेहता दिल्ली प्रशासन में अहम जिम्मेदारी संभाल चुके थे. वह साल 2007 से नवंबर 2010 तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे. साल 2010 में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी उन्होंने दिल्ली प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं. 1975 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में लंबे प्रशासनिक करियर के बाद वह सेवानिवृत्त हुए थे. नोएडा में हुई इस घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.