UP Outsourcing Employees: उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 'उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम' (UPCOS) की शुरुआत की है. लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा में आउटसोर्स कर्मचारियों से लेकर स्थायी कर्मचारियों और नगर निकायों के सफाईकर्मियों तक, हर वर्ग के श्रमिकों का योगदान रहा है.
ADVERTISEMENT
इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए एक पोर्टल की भी शुरुआत की जाएगी, जिसके जरिए कर्मचारियों तक कोई भी जानकारी बिना किसी बिचौलिए के सीधे पहुंच सकेगी. इस पहल के जरिए प्रदेश की सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों को उनकी मेहनत का पूरा हक और सम्मान देने जा रही है.
वेतन का नहीं, विश्वास का रिश्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि सरकार और कर्मचारी के बीच सिर्फ वेतन का ही नहीं, बल्कि विश्वास का रिश्ता होता है. UPCOS का मकसद सिर्फ प्रबंधन नहीं है, बल्कि आउटसोर्स कर्मचारियों को यह एहसास दिलाना है कि उनके काम का रिकॉर्ड रखा जा रहा है और उनकी समस्याओं को सुनने वाला तंत्र मौजूद है.
समय पर मिलेगा पूरा वेतन
कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि हर आउटसोर्स कर्मचारी को समय पर वेतन मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव को खत्म करने के लिए आर्थिक भेदभाव को दूर करना भी बहुत जरूरी है ताकि हर कर्मचारी को उसकी मेहनत का मानदेय मिल सके.
बिचौलियों का खेल होगा खत्म
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाएगी. कर्मचारियों को सारी जरूरी जानकारी सीधे एक पोर्टल के जरिए मिलेगी. इससे पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और कर्मचारी अपनी सुविधाओं की जानकारी सीधे हासिल कर सकेंगे.
20 लाख लोगों को सुरक्षा कवर
UPCOS के जरिए यूपी सरकार लगभग 20 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक बड़ा सुरक्षा कवर देने जा रही है. इसका मुख्य उद्देश्य इन कर्मचारियों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद भविष्य देना है, ताकि वे बिना किसी चिंता के अपना काम कर सकें.
यह भी पढ़ें: 4 साल से आगरा के उदय सिंह पिप्पल ने क्यों नहीं कटवाए बाल-दाढ़ी? अब पूरा हुआ उनका ये अनोखा संकल्प
ADVERTISEMENT











