उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद से प्यार, शादी, फरारी और फिर एक अनोखी शादी का बेहद अजब-गजब मामला सामने आया है. यहां एक पति ने 'पति' होने की पारंपरिक परिभाषा ही बदलकर रख दी. जिस पत्नी को वापस लाने के लिए पति पुलिस थाने से लेकर दूसरे जिलों तक खाक छान रहा था, जब वह प्रेमी के साथ मिली तो उसने पति के साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. पति ने कहा 'जब दिल ही नहीं तो जबरदस्ती क्यों?' फिर खुद आगे बढ़कर मंदिर में अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में सौंप दिया और दोनों की शादी कराकर विदा कर दिया.
ADVERTISEMENT
स्कूल का प्यार और परिवार की मर्जी से शादी
मलिहाबाद क्षेत्र के रहने वाले पीआरडी जवान विक्की की शादी करीब एक साल पहले परिजनों की सहमति से हुई थी. शादी हो गई. घर बस गया और विक्की अपनी ड्यूटी में व्यस्त हो गया. लेकिन उसकी पत्नी सोनाली की पुरानी मोहब्बत की फाइल कभी बंद नहीं हुई थी. सोनाली और उसके प्रेमी का रिश्ता स्कूल के दिनों से चला आ रहा था. शादी के बाद भी मोबाइल फोन के जरिए दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. यानी एक तरफ ससुराल की जिम्मेदारियां थीं तो दूसरी तरफ बचपन का प्यार जो शादी के बाद भी बना रहा.
5 सितंबर को अचानक गायब हो गई पत्नी
बीती 5 सितंबर को सोनाली अचानक अपने ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई. परिजनों ने अपने स्तर पर नाते-रिश्तेदारों में काफी तलाश की. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. थक-हारकर पति विक्की ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सर्विलांस और जांच के आधार पर बुधवार को महिला को उसके प्रेमी के साथ हरदोई से बरामद कर लिया.
थाने में घंटों चली पंचायत पर अड़ी रही पत्नी
पुलिस जब महिला और उसके प्रेमी को मलिहाबाद थाने लेकर आई, तो वहां पति विक्की और दोनों परिवारों के लोग भी इकट्ठा हो गए. थाने में घंटों हाई-वोल्टेज पंचायत चली. पुलिसकर्मियों और परिजनों ने महिला को काफी समझाया कि वह सब भूलकर अपने पति के घर लौट जाए. लेकिन महिला का फैसला चट्टान की तरह अडिग था. उसने साफ कह दिया कि वह अपने पति के साथ किसी भी कीमत पर नहीं रहेगी और अपनी पूरी जिंदगी प्रेमी के साथ ही बिताएगी.
पति ने करा दी पत्नी की शादी
पत्नी की जिद और फैसले को समझते हुए पीआरडी जवान विक्की ने जो कदम उठाया उसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. विक्की ने कहा कि अगर उसकी पत्नी उसके साथ खुश नहीं है तो वह उसे जबरदस्ती बांधकर नहीं रखेगा. इसके बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से स्थानीय मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ महिला और उसके प्रेमी के सात फेरे करवाए गए.
शादी के बाद जब प्रेमी जोड़े ने विक्की के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो पीआरडी जवान पति ने खुद अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में थमाकर दोनों को विदा किया. मलिहाबाद की यह अनोखी प्रेम कहानी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: आकाश आनंद को अखिलेश यादव ने दिया बड़ा ऑफर, जॉइन करेंगे सपा?
ADVERTISEMENT











