झांसी पुलिस ने 27 साल की युवती मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है. मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली मरीना पर आरोप है कि उसने रेलवे के एक बड़े अधिकारी को AI से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीर के जरिए ब्लैकमेल किया और पैसे मांगे. मरीना को अरेस्ट करने के बाद पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
झांसी की रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रेलवे अधिकारी की पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर कहा कि मरीना उनके पति और परिवार से लगातार ब्लैकमेल करके पैसे मांग रही थी. मरीना कई बार पैसे ले भी चुकी थी. यह सिलसिला 13 जनवरी 2026 से अलग-अलग तारीखों में चल रहा था.
31 जुलाई को आया नया मोड़
31 जुलाई 2026 को इस मामले में एक नया मोड़ आया. आरोप है कि 31 जुलाई को मरीना ने रेलवे अधिकारी की AI से एक आपत्तिजनक तस्वीर तैयार की. मरीना ने इस फोटो को अधिकारी की पत्नी को भेज दिया. इसके बाद तस्वीर को लेकर ब्लैकमेल करते हुए रुपये की मांग की गई. शिकायत में 15 लाख रुपये की मांग किए जाने की बात कही गई है. आरोप है कि युवती ने सिर्फ रेलवे अधिकारी की तस्वीर को लेकर ही धमकी नहीं दी, बल्कि परिवार की अन्य अविवाहित महिलाओं की तस्वीरें भी उसके पास होने की बात कही. शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने धमकी दी कि इन तस्वीरों को वायरल कर परिवार की महिलाओं की छवि को नुकसान पहुंचाया जाएगा.
जब मरीना ने अधिकारी और उनकी पत्नी को हद से ज्यादा ब्लैकमेल किया तब दम्पति ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी मरीना को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मरीना के पास से 2 फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है.
पुलिस ने ये बताया
अपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन में नवाबाद थाना पुलिस ने AI से फोटो एडिट करने, ब्लैकमेलिंग करने और अवैध रूप से रुपये की वसूली करने के आरोप में युवती को गिरफ्तार किया है. एएसपी के मुताबिक, आरोपी युवती की पहचान मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी के रूप में हुई है. वह हुबली, कर्नाटक की रहने वाली है. पुलिस ने उसे प्रयागराज से गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती को गिरफ्तार करने के बाद नवाबाद थाने लाया गया. उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय के सामने पेश किया गया.
ADVERTISEMENT











