Bareilly News: 8 साल पहले पिता से हुई एक मामूली अनबन के बाद घर छोड़कर निकली लड़की को क्या पता था कि उसकी जिंदगी हमेशा के लिए बदलने वाली है. मामला उत्तर प्रदेश के बरेली के किला थाना क्षेत्र का है.
ADVERTISEMENT
मुसीबत के समय सहारा देने के बहाने एक महिला उसके करीब आई, लेकिन असल मकसद कुछ और ही था. आरोप है कि उस महिला ने धोखे से युवती को अपनी बातों में उलझाया और मस्जिद ले जाकर उससे कलमा पढ़वा दिया.
कहानी सिर्फ धर्म परिवर्तन पर जाकर खत्म नहीं हुई. सालों तक ज्यादती सहने के बाद जब पीड़िता किसी तरह अपने पिता के घर वापस पहुंची तो अब उसे और उसके परिवार को तेजाब से जलाने और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.
आखिर कैसे रक्षाबंधन के दिन बंद कमरे से भागकर बची युवती की जान? और पुलिस की शिकायत में क्या-क्या सनसनीखेज खुलासे हुए हैं? पढ़िए इस पूरी वारदात का सच...
पिता से हुआ झगड़ा और जाल में फंस गई युवती
पीड़ित युवती महिमा गुप्ता के मुताबिक, साल 2018 में उसका अपने पिता नरेश गुप्ता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसी गुस्से और नाराजगी का फायदा उठाया फरहा बेगम उर्फ लक्की नाम की महिला ने. फरहा पहले पढ़ाई के सिलसिले में महिमा के पिता के घर आती-जाती थी, इसलिए महिमा उस पर भरोसा करती थी. फरहा ने महिमा को पिता के खिलाफ भड़काया, कुछ कागजात तैयार करवाए और अपने साथ ले जाकर अपने घर में रख लिया.
मस्जिद ले जाकर जबरन पढ़वाया कलमा
महिमा का आरोप है कि फरहा बेगम उसे एक मस्जिद में ले गई और वहां उससे जबरन कलमा पढ़वाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया. इसके बाद उसे लंबे समय तक अपने पास रखा गया. शुरुआत में मीठी बातें करने वाली फरहा का असली चेहरा धीरे-धीरे सामने आने लगा और महिमा को प्रताड़ित करने तथा उसके साथ मारपीट का दौर शुरू हो गया.
रक्षाबंधन के दिन मुझे एक कमरे में बंद कर दिया गया. चीख-पुकार बाहर न जाए, इसलिए फुल वॉल्यूम में साउंड बजाया गया और बेदर्दी से पीटा गया. अगले दिन जैसे ही मौका मिला, मैं किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली और अपने पिता के घर पहुंची.
अब तेजाब से जलाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी
अपने पिता के घर लौटने के बाद भी महिमा की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं. आरोप है कि फरहा बेगम अब अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करके उसे लगातार डरा-धमका रही है.
धमकी दी जा रही है कि अगर वह वापस नहीं आई तो उस पर तेजाब फेंक दिया जाएगा, पिता और बहन की हत्या करा दी जाएगी और पूरे परिवार को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज
फरहा बेगम की हरकतों से परेशान होकर और अपनी जान का खतरा देखते हुए पीड़िता ने बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर किला थाने में आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
ADVERTISEMENT











