लखनऊ में कार के बोनट पर EX गर्लफ्रेंड को घसीटने वाला शाहनवाज गिरफ्तार, पूरा मामला हिलाकर रख देगा

लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में युवती ने पहचान छिपाकर रिलेशनशिप में रहने वाले शाहनवाज का विरोध किया तो आरोपी ने कार से उसे 200-300 मीटर तक घसीट दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया.

Shahnawaz Arrested

Shahnawaz Arrested

Google CTA

लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के पास सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यश ठाकुर नाम बताकर एक युवती से रिलेशनशिप में रहने वाले शाहनवाज नाम के युवक की जब पोल खुली तो उसने युवती पर कार चढ़ाने की कोशिश की. जब पीड़ित युवती ने उसकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो आरोपी उसे कार से कई सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और मौके से फरार हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई लखनऊ पुलिस ने 3 टीमें गठित कर आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

यश ठाकुर बनकर रचा प्यार का नाटक

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती सुबह करीब 6 बजे अपनी बुआ के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के पास चाय पीने पहुंची थी. इसी दौरान वहां एक कार आकर रुकी. युवती ने कार में बैठे युवक को पहचान लिया जो उससे यश ठाकुर बनकर प्रेम संबंध में था. लेकिन जब युवती ने देखा कि कार में बैठा युवक असल में शाहनवाज है तो उसने उसकी धोखेबाजी का विरोध किया.

रोकने पर गाड़ी की बढ़ाई स्पीड

खुद की पहचान उजागर होने और विरोध बढ़ता देख शाहनवाज ने भागने की कोशिश की. युवती ने अपनी स्कूटी साइड में खड़ी कर कार के आगे खड़े होकर उसे रोकने का प्रयास किया. वह कार के बोनट और विंडशील्ड पर हाथ मारकर उसे रुकने को कहती रही लेकिन शाहनवाज ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी. कार युवती को लगभग 200 से 300 मीटर तक घसीटती हुई ले गई जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई.

चश्मदीद ने क्या बताया

घटना के वक्त मौके पर मौजूद चाय दुकानदार आकाश कुमार ने बताया कि 'सुबह करीब 6 बजे पहले कार आई और तुरंत पीछे से दीदी अपनी स्कूटी से आईं. उन्होंने कार रोकने की कोशिश की और आगे आकर खड़ी हो गईं. लेकिन कार चालक ने शीशा नीचे नहीं किया और अचानक बहुत तेजी से गाड़ी भगा दी. दीदी 'बुआ बचाओ-बुआ बचाओ, मैं तो मर गई' चिल्लाती रहीं. वहां बैठे ग्राहकों ने गाड़ी रोकने के लिए उस पर कुल्हड़ और कंकड़ भी फेंके. लेकिन आरोपी गाड़ी चढ़ाते हुए तेज रफ्तार में भाग निकला.'

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद घायल युवती को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया जहां उनके कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है. एसएचओ गोमती नगर विस्तार ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस कमिश्नरेट ने तुरंत 3 विशेष टीमों का गठन किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है.

इस सनसनीखेज वारदात और वीडियो वायरल होने के बाद दोपहर में नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. घटना स्थल यानी जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के आसपास अवैध रूप से लगी चाय की दुकानों और टपरियों को हटवा दिया गया. फिलहाल लखनऊ पुलिस आरोपी शाहनवाज से धोखाधड़ी, जानलेवा हमला और हिट एंड रन के तहत पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ें: सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को किया गया गिरफ्तार