लखनऊ में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट के पिलर धंसने से पूरी बिल्डिंग टेढ़ी हो गई. वजीरगंज थाना क्षेत्र में लाल मस्जिद के पास स्थित एसए अपार्टमेंट की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. घटना के समय इमारत में करीब 200 लोग मौजूद थे. दीवार गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. एसडीआरएफ को भी बुलाया गया. बिल्डिंग की हालत को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत इसे खाली कराने का फैसला लिया. 25 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. LDA ने अपार्टमेंट को सील कर दिया है.
पिलर धंसने से टेढ़ी हुई बिल्डिंग
बताया जा रहा है कि अपार्टमेंट के एक पिलर के धंसने के बाद इमारत का ढांचा प्रभावित हुआ और बिल्डिंग टेढ़ी हो गई. दीवार गिरने के बाद किसी दूसरे हिस्से के भी गिरने की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है.
भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है. लोगों की आवाजाही रोक दी गई है, ताकि राहत और बचाव का काम सुरक्षित तरीके से किया जा सके. प्रशासन की टीमें लगातार इमारत की स्थिति का जायजा ले रही हैं.
जिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. राहत और बचाव दल अपार्टमेंट में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं. प्रशासन की प्राथमिकता इमारत के अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित निकालना है.
अधिकारियों के मुताबिक, अगर सुरक्षा के लिहाज से जरूरत पड़ी तो जर्जर ढांचे को गिराने का फैसला भी लिया जा सकता है. इसके लिए आसपास के रास्तों को डायवर्ट किया जा सकता है.
बारिश के बीच जर्जर इमारतों पर प्रशासन की नजर
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही जर्जर और खतरनाक भवनों को चिह्नित कर वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दे चुके हैं. इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की टीमें ऐसे भवनों को खाली कराने की कार्रवाई कर रही हैं.
ADVERTISEMENT











