Dhanraj Parimal Nathwani News: समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज परिमल नथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है. धनराज नथवानी ने आज यानी 30 सितंबर को चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. राज्यसभा उम्मीदवार बनने के बाद से ही धनराज नथवानी चर्चा के केंद्र में हैं और लोग उनके बारे में जानने के लिए काफी उत्सुक हैं. बता दें कि धनराज नथवानी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी एक खास कनेक्शन जुड़ता है.
ADVERTISEMENT
क्या है धनराज का PM मोदी और गृह मंत्री शाह से कनेक्शन?
दरअसल, धनराज नथवानी वर्तमान में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं. उनसे पहले अमित शाह 2014 से 2021 तक जीसीए के चेयरमैन रहे थे, जबकि अमित शाह से पहले नरेंद्र मोदी ने 2009 से 2014 तक जीसीए की कमान संभाली थी.
कहां से हुई है धनराज की शिक्षा?
धनराज परिमल नथवानी भारत के एक प्रमुख युवा उद्योगपति और खेल प्रशासक हैं. उनका जन्म 5 फरवरी 1986 को हुआ था. उनके पिता का नाम परिमल नथवानी और मां का नाम वर्षा नथवानी है. शिक्षा की बात करें तो धनराज ने रीजेंट्स बिजनेस स्कूल, लंदन से इंटरनेशनल बिजनेस में स्नातक किया है. इसके बाद उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से कॉर्पोरेट लॉ और पब्लिक रिलेशंस में स्पेशलाइजेशन के साथ एमबीए की डिग्री हासिल की है.
व्यावसायिक करियर में धनराज परिमल नथवानी फिलहाल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर तैनात हैं. रिलायंस जियो के देशव्यापी रोल-आउट और कई अन्य मेगा प्रोजेक्ट्स के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. वे रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस ग्रुप की विभिन्न सहायक कंपनियों के बोर्ड में बतौर डायरेक्टर भी शामिल हैं. खेल प्रशासन में भी उनकी बड़ी पहचान है; जीसीए का अध्यक्ष बनने से पहले वे इसके उपाध्यक्ष रह चुके हैं और अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण और प्रबंधन में भी उनकी मुख्य भागीदारी रही है.
ADVERTISEMENT











