Dhanraj Parimal Nathwani News: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है. दोनों अखिलेश यादव की मौजूदगी में सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे. इस ऐलान के बाद सबसे ज्यादा चर्चा धनराज परिमल नथवानी को लेकर है. वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी हैं और ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रहे हैं. उनके पिता परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक और राज्यसभा सांसद हैं.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार
सपा ने राज्यसभा के लिए धनराज परिमल नथवानी के साथ प्रो. राम गोपाल यादव को भी प्रत्याशी घोषित किया है. दोनों उम्मीदवार अखिलेश यादव की मौजूदगी में सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. धनराज के नाम के सामने आने के बाद सपा में रिलायंस ग्रुप से जुड़े एक और प्रमुख व्यक्ति की एंट्री की चर्चा हो रही है. इससे पहले उन्नाव से सांसद रह चुकीं अन्नू टंडन भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो चुकी हैं. धनराज का सपा से जुड़ना अंबानी परिवार और रिलायंस ग्रुप से जुड़े दूसरे प्रमुख व्यक्ति की पार्टी में एंट्री के तौर पर चर्चा में है.
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और जामनगर स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जुड़े हैं. RIL में उनका कुल कार्यकाल 16 साल बताया गया है. उन्होंने अक्टूबर 2010 से फरवरी 2015 तक सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, मार्च 2015 से जनवरी 2019 तक ग्रुप सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और फरवरी 2019 से वर्तमान तक ग्रुप प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाली है. उनका काम मुंबई, महाराष्ट्र और गुजरात से जुड़ा रहा है.
- धनराज परिमल नथवानी रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड में जनवरी 2022 से वर्तमान तक निदेशक हैं. इसका स्थान जामनगर बताया गया है. इसके अलावा वह रिलायंस प्रोजेक्ट्स एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड में अक्टूबर 2020 से वर्तमान तक निदेशक हैं. उनका लंबा पेशेवर जुड़ाव रिलायंस समूह के साथ रहा है.
- धनराज परिमल नथवानी का जुड़ाव खेल क्षेत्र से भी रहा है. वह नवंबर 2022 से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं. सितंबर 2019 से वर्तमान तक गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष का भी रहे है, जिसका स्थान अहमदाबाद, गुजरात रहा है. इसके अलावा जनवरी 2019 से वह गुजरात स्टेट बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ के सदस्य हैं. अक्टूबर 2016 से वर्तमान तक वह द्वारकाधीश मंदिर व्यवस्थापन समिति, द्वारका के उपाध्यक्ष भी हैं.
कौन हैं इनके पिता परिमल नथवानी?
धनराज के पिता बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के समर्थित राज्यसभा सांसद हैं और देश के बड़े उद्योगपति हैं. साथ ही वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक हैं. वह भारतीय कॉर्पोरेट, राजनीतिक और खेल जगत में भी पहचान रखते हैं. उनके सफर की शुरुआत मुंबई में कोल्ड ड्रिंक और साबुन की फैक्ट्री से हुई थी. इसके बाद उन्होंने गुजरात के वडोदरा में करीब 40 पीसीओ भी चलाए. शेयर बाजार में नुकसान के बाद 1997 में धीरूभाई अंबानी से हुई मुलाकात उनके जीवन का अहम मोड़ बनी. इसके बाद वह रिलायंस से जुड़े और जामनगर में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
धीरूभाई अंबानी से मुलाकात के बाद बदली राह
परिमल नथवानी के रिलायंस से लंबे जुड़ाव के दौरान वह मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के करीबी सहयोगियों में शामिल हुए. उनकी उद्योग संबंधी समझ के चलते उन्हें जियो नेटवर्क के विस्तार में भी भूमिका निभाने का अवसर मिला. राजनीति में वह राज्यसभा सांसद रहे हैं और झारखंड से जीत के बाद उनका चौथा कार्यकाल बताया गया है. इसके अलावा वह गुजरात फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष और नाथद्वारा मंदिर बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं. वह वडोदरा स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और 30 सितंबर 2011 से 15 सितंबर 2012 तक इस पद पर रहे.
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होना है. इन सीटों पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है. नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी. चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी.
ADVERTISEMENT











