अखिलेश यादव ने एक घंटे तक शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात और बाहर आकर कहा नकली संतों का होगा अंत

UP News: अखिलेश यादव ने लखनऊ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात. बोले- "नकली संतों का होगा अंत", योगी सरकार पर लगाया जानबूझकर गैस संकट पैदा करने का आरोप.

तस्वीर में अखिलेश यादव और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

समर्थ श्रीवास्तव

12 Mar 2026 (अपडेटेड: 12 Mar 2026, 03:00 PM)

follow google news

UP News: लखनऊ में आज सियासी गलियारों में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की. लगभग एक घंटे तक चली इस लंबी भेंट के बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए. 

यह भी पढ़ें...

'नकली संतों का होगा अंत'

शंकराचार्य से आशीर्वाद लेने के बाद अखिलेश यादव ने तल्ख बयान दिया. उन्होंने कहा, "पूजनीय शंकराचार्य जी का आशीर्वाद मिलने से अब नकली संतों का अंत होने जा रहा है." 

अखिलेश ने किया शंकराचार्य के अभियान का समर्थन

अखिलेश यादव ने गौ रक्षा के मुद्दे पर शंकराचार्य के अभियान का समर्थन करते हुए अपनी पुरानी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा, "जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार थी, तब हमने गाय की सेवा को लेकर कई बड़े फैसले लिए थे. हम भविष्य में भी गाय की सेवा के लिए जो कुछ संभव होगा, वह जरूर करेंगे."

सपा चीफ ने यूं बोला सीएम पर हमला

प्रदेश में वर्तमान में चल रहे एलपीजी गैस सिलेंडर के संकट को लेकर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "योगी आदित्यनाथ ने जानबूझकर यह गैस क्राइसिस पैदा की है." इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान पर भी टिप्पणी की. अखिलेश ने दावा किया कि, "बीजेपी की बैठकों में दोनों डिप्टी सीएम को बाहर का रास्ता दिखाने की बात कही गई है."

शंकराचार्य की यात्रा और अखिलेश का साथ

बता दें कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पिछले कई दिनों से गाय को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान उन्हें प्रशासन की ओर से कई पाबंदियों का सामना करना पड़ा है. अखिलेश यादव की इस मुलाकात को इस धार्मिक आंदोलन को राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है. 

ये भी पढ़ें: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दी सरकार को 52 दिन की मोहलत... नहीं मानी ये मांग तो 3 मई से फिर शुरू करेंगे गोरखपुर से यात्रा