दोस्त के जन्मदिन पर गया था 13 साल का उनैज, घर लौटी बॉडी... अस्पताल से आए उस एक फोन कॉल के पीछे क्या है कहानी

Lucknow Crime News: लखनऊ के कृष्णा नगर में बर्थडे पार्टी के दौरान 13 वर्षीय उनैज़ खान की गोली लगने से मौत. पिता ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप, पुलिस कर रही पूछताछ.

Lucknow Crime News

अंकित मिश्रा

03 Mar 2026 (अपडेटेड: 03 Mar 2026, 09:57 AM)

follow google news

लखनऊ से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली में 13 साल के छात्र उनैज खान की जान चली गई. उनैज सातवीं क्लास का स्टूडेंट था. वह अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी नाने गया था. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और कानूनी कार्रवाई प्रचलित है. 

यह भी पढ़ें...

उनैज के घरवालों को कॉल कर क्या बोला गया था?

सरोजिनी नगर निवासी मृतक के पिता जमीर खान ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनके बेटे उनैज को उसके दोस्त और ड्राइवर कार से जन्मदिन मनाने के लिए अपने साथ ले गए थे. शाम करीब 7:21 बजे नवनीत के पिता संजीव त्रिपाठी ने मृतक की मां को व्हाट्सएप कॉल किया, जिसे बड़े बेटे उसैद ने रिसीव किया. आरोप है कि फोन पर धमकाते हुए कहा गया कि 'तुम्हारा भाई लोकबंधु अस्पताल में है, जल्दी आ जाओ.' परिजन जब लोकबंधु अस्पताल पहुंचे तो आरोप है कि बच्चे से मिलने नहीं दिया गया. कुछ देर बाद पुलिस ने बच्चे को मृत अवस्था में दिखाया. मृतक के माथे के बीच में गोली लगी हुई थी. पिता का कहना है कि इसके बाद भी संजीव त्रिपाठी ने फोन कर धमकी भरे लहजे में पूछा कि देख लो जिंदा है या नहीं. 

पीटीएम में भी मिली थी धमकी?

जमीर खान ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की हत्या एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है. उन्होंने दावा किया कि इससे पहले स्कूल में हुई पेरेंट्स-टीचर मीटिंग के दौरान भी संजीव त्रिपाठी ने परिजनों को धमकी दी थी. 28 फरवरी को खुद उनैज का जन्मदिन था, लेकिन रोजा होने के कारण उस दिन पार्टी नहीं की गई थी.

बताया जा रहा है कि यह पार्टी बीजेपी के पूर्व एमएलसी गुड्डू त्रिपाठी के नाबालिग भतीजे और संजीव त्रिपाठी के बेटे के जन्मदिन के पर की गई थी. परिजनों का आरोप है कि संजीव त्रिपाठी की ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चली, जिससे उनैज की मौत हुई. 

पुलिस ने ये बताया

इस मामले पर डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने जानकारी दी कि सोमवार देर शाम सूचना मिली थी कि 13 साल के उनैज अपने तीन दोस्तों के साथ पार्टी में गया था, जहां एक्सीडेंटल फायर की वजह से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और कानूनी कार्रवाई प्रचलित है.