उठ गया रहस्य से पर्दा! लखनऊ पुलिस ने बता दिया वेज बिरयानी की दुकान के फ्रिज में किसकी थी लाश

lucknow Crime News: लखनऊ के बीकेटी में फ्रिज में मिले शव की हुई शिनाख्त. मृतक विजय पाल 5 साल से पत्नी से अलग रहकर वाई-फाई इंस्टॉलेशन का काम करता था. पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज.

Lucknow Crime News

अंकित मिश्रा

01 Mar 2026 (अपडेटेड: 01 Mar 2026, 02:18 PM)

follow google news

लखनऊ के बीकेटी इलाके में वेज बिरयानी की दुकान के फ्रिज में मिली लाश के रहस्य से पर्दा उठ गया है. पुलिस ने शव की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. मृतक की पहचान विजय पाल (38 वर्ष) के रूप में हुई है. वह बीकेटी के ही किशुनपुर गांव का रहने वाला था. मालूम हो कि पहले ये जानकारी मिली थी कि जिस व्यक्ति की लाश मिली है उसकी उम्र 25 साल के आसपास है. हालांकि अब जांच के बाद पुलिस ने पूरी स्थिति साफ कर दी है.  

यह भी पढ़ें...

जेब में मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद किया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने भी शव की शिनाख्त विजय पाल के रूप में की है. विजय पाल पेशे से वाई-फाई इंस्टॉलेशन का काम करता था. पुलिस सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि विजय पाल पिछले 5 साल से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था. वह अकेले ही मेहनत मजदूरी करके जीवनयापन कर रहा था. परिवार ने बताया अलग होने के बाद से शराब का आदि हो गया था. शनिवार को घर के पास दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस से घटना की सूचना मिली.

अब CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मृतक की पहचान होने के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विजय पाल बंद दुकान के अंदर फ्रिज तक कैसे पहुंचा.  पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज का बारीकी से अवलोकन कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह दुकान में कब और किसके साथ दाखिल हुआ था. शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. 

क्या था पूरा मामला? 

रविवार, 1 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शनि रावत की वेज बिरयानी की दुकान के फ्रिज में एक युवक का शव पड़ा है. दुकान मालिक शनि रावत के पिता का तीन दिन पहले निधन हो गया था, जिसकी वजह से दुकान बंद थी. शुरुआती जांच में विजय पाल के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, जिससे मौत की वजह अभी भी सस्पेंस बनी हुई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा. मौके पर डीसीपी उत्तरी और एडीसीपी उत्तरी सहित फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं. पुलिस अब इस मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है.