Kanpur Police: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक ऐसी घटना हुई है, जिसने खाकी को शर्मसार कर दिया है. यहां एक पुलिस के सिपाही पर 13 साल की मासूम बच्ची का पीछा करने और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं. यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र की है. सिपाही पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि वो कई दिनों से स्कूल जाते समय बच्ची का पीछा करता था और रास्ते में उसका हाथ भी पकड़ता था. बच्ची के पिता की शिकायत के बाद आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
सहमी हुई बच्ची ने खोला राज
परिजनों के अनुसार, 13 साल की छात्रा पिछले कई दिनों से डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी थी. जब पिता ने उससे कारण पूछा, तो बच्ची ने डरते हुए बताया कि स्कूल जाते समय एक सिपाही उसका पीछा करता है, गंदी बातें करता है और रास्ते में उसका हाथ भी पकड़ लेता है. यह सुनकर पिता ने खुद सच्चाई जानने का फैसला किया और अगले दिन बेटी के पीछे-पीछे स्कूल तक गए. आरोप है कि उन्होंने खुद आरोपी सिपाही को अपनी बेटी का पीछा करते हुए देखा. बच्ची की छोटी बहन ने भी बताया कि जब उसकी बहन स्कूल नहीं गई थी, तब आरोपी ने उसके बारे में पूछताछ की थी.
मोहल्ले वालों ने घेरा सिपाही का घर
पूरी सच्चाई जानने के बाद पिता ने मोहल्ले वालों को इकट्ठा किया और पूरी घटना की जानकारी दी. आरोपी सिपाही उसी इलाके में एक दारोगा के मकान में किराए पर रहता था. गुस्से लोगों ने सिपाही के घर को घेर लिया और जमकर हंगामा किया. हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नई भर्ती का सिपाही है और कुछ महीने पहले ही उसकी तैनाती कल्याणपुर थाने में हुई थी.
आरोपी सिपाही लाइन हाजिर, जांच शुरू
कल्याणपुर थाना पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाने पर सूचना दी थी कि कोई संदिग्ध व्यक्ति उनके बच्चों का पीछा कर रहा है. जांच में एक रिक्रूट कांस्टेबल का नाम सामने आया, जो उसी मोहल्ले में किराए पर रहता है और पैदल ड्यूटी आता-जाता है. फिलहाल, जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उच्च अधिकारियों ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहराई से जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










