NHAI: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पीआईयू कानपुर टीम राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. जिसके चलते राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को बंद करने का एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. जून के महीने में पीआईयू कानपुर ने कौशांबी जिले के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के कानपुर-चकेरी खंड पर बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई के तहत टीम ने अब तक 27 अवैध कटों को स्थायी रूप से बंद कर दिया है.
ADVERTISEMENT
दुर्घटनाओं को रोकना है मुख्य उद्देश्य
एनएचएआई का मुख्य उद्देश्य हाईवे पर बिना अनुमति के बने एंट्री और एग्जिट पॉइंट को पूरी तरह से खत्म करना है. इन अवैध कटों के कारण अक्सर बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और यातायात में भी बाधा उत्पन्न होती है. इन कटों के बंद होने से हादसों की संभावना काफी कम हो जाएगी और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से चल सकेंगे.
आगे भी जारी रहेगी यह कार्रवाई
पीआईयू कानपुर के परियोजना निदेशक ने बताया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना NHAI की सबसे प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है. राष्ट्रीय राजमार्गों को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए अवैध कटों को बंद करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपायों पर लगातार काम किया जा रहा है. एनएचएआई आगे भी ऐसे अवैध कटों की पहचान करेगी और उन्हें बंद करने की कार्रवाई को लगातार जारी रखेगी.
आम जनता से की गई अपील
इस अभियान के साथ ही प्राधिकरण ने आम जनता से भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा है कि वे केवल अधिकृत यू-टर्न और निर्धारित प्रवेश-निकास मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी तरह के हादसे से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT










