Mirzapur News: जनहित संकल्प पार्टी (JSP) और सरदार सेना ने मड़िहान तहसील पहुंचकर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से अलग-अलग ज्ञापन सौंपे. दोनों संगठनों ने जनता की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की अपील की.
ADVERTISEMENT
जनहित संकल्प पार्टी की ओर से प्रदेश स्तरीय 'न्याय यात्रा' के तहत राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया. पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल के नेतृत्व में निकली यात्रा मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और गांवों से होकर तहसील पहुंची.
ज्ञापन में महिलाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी, ओबीसी महिलाओं के लिए विशेष कोटा, जातीय जनगणना, जातीय हिंसा पर सख्त कार्रवाई, समान एवं निःशुल्क शिक्षा, युवाओं को रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने सहित छह प्रमुख मांगें उठाई गईं.
वहीं, सरदार सेना के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार पटेल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मड़िहान विधानसभा क्षेत्र की आठ प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई.
ज्ञापन में बिजली बिलों की अनियमितताओं को दूर कर स्मार्ट मीटर हटाने, भूमिहीनों को जमीन का पट्टा देने, किसानों की फसलों को छुट्टा पशुओं से सुरक्षा, गरीबों को आवास, सिंचाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्र में इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही.
दोनों संगठनों ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत समस्याओं से राहत मिल सके.
ADVERTISEMENT









