Gonda News: स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में शनिवार को भारत सरकार की एडीआईपी योजना के तहत आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में 709 दिव्यांगजनों को 1030 निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए. कार्यक्रम की अध्यक्षता गोण्डा के सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने की.
ADVERTISEMENT
शिविर में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, वॉकर, वॉकिंग स्टिक सहित विभिन्न सहायक उपकरण लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए. केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एडीआईपी योजना के तहत देशभर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने निर्देश दिए कि जो पात्र लाभार्थी इस बार किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए हैं, उनका चिन्हांकन कर आगामी शिविर में प्राथमिकता के आधार पर उपकरण उपलब्ध कराए जाएं.
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा. उन्होंने बताया कि छूटे हुए लाभार्थियों का दोबारा सर्वे कर सूची तैयार कराई जाएगी, ताकि अगले वितरण शिविर में उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके. कार्यक्रम में विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष, एलिम्को के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










