Ayodhya Ram Mandir Donation News: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा और चांदी की शिलाओं की चोरी को लेकर चल रहे विवाद में एक नया बयान सामने आया है. सिंधी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अंशवानी ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने दावा करने वाले राजू मनवानी पर भी सवाल उठाए और कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए एसआईटी से जांच कराई जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की भी बात कही.
ADVERTISEMENT
राजू मनवानी के दावों पर उठाए सवाल
अशोक अंशवानी ने कहा कि राजू मनवानी पहले कई राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं और उनके खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि '200 चांदी की शिलाओं की चोरी का दावा गलत है. अब तक की जांच में ऐसी किसी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है.'
सिंधी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 'कुछ लोग राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की छवि धूमिल करने के लिए भ्रामक प्रचार कर रहे हैं.' उन्होंने कहा कि पूरे मामले में केवल आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर निष्कर्ष निकालना ठीक नहीं होगा.
पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग
अशोक अंशवानी ने मांग की कि 'राजू मनवानी के दावों समेत पूरे मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.' उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से मिले चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए. उनके अनुसार, यदि कहीं किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा 'निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.' साथ ही उनका यह भी कहना था कि इस विवाद से सिंधी समाज की आस्था भी प्रभावित हुई है.
जांच के अगले चरण पर टिकी निगाहें
राम मंदिर चढ़ावा और चांदी की शिलाओं से जुड़े विवाद में लगातार नए बयान सामने आ रहे हैं. एक ओर अलग-अलग पक्ष अपने-अपने दावे और आरोप रख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निष्पक्ष जांच की मांग भी लगातार तेज हो रही है. ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच एजेंसियां आगे क्या निष्कर्ष निकालती हैं और पूरे मामले में कौन से तथ्य सामने आते हैं.
ADVERTISEMENT










