झांसी रेलवे स्टेशन से सामने आई हैरान करने वाली तस्वीर, प्लेटफॉर्म पर मरीज को पलंग पर ढोते दिखे परिजन! 17 सेकेंड के VIDEO ने मचाई हलचल

प्रमोद कुमार गौतम

31 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Jhansi Railway Station News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने रेलवे की यात्री सुविधाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग एक मरीज को पलंग पर लिटाकर रेलवे स्टेशन के अंदर ले जाते दिखाई दे रहे हैं.

Jhansi Railway Station News

Jhansi Railway Station News

Google CTA

Jhansi Railway Station Viral Video: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने रेलवे की यात्री सुविधाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग एक मरीज को पलंग पर लिटाकर रेलवे स्टेशन के अंदर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और उनकी पहुंच को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

पलंग पर मरीज को लेकर प्लेटफॉर्म की ओर बढ़े परिजन

वायरल वीडियो करीब 17 सेकंड का बताया जा रहा है. इसमें दो पुरुष और एक महिला मिलकर एक पलंग को उठाए हुए दिखाई दे रहे हैं. पलंग पर एक मरीज लेटा हुआ है, जिसे रेलवे स्टेशन के अंदर ले जाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार मरीज को बांदा जाना था और उसके परिजन उसे ट्रेन तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वे लोग टैक्सी से स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन किसी कारणवश मरीज को सामान्य तरीके से अंदर नहीं ले जा सके. इसके बाद उन्होंने मरीज को पलंग पर लिटाकर स्टेशन के भीतर ले जाने का फैसला किया.

किसी ने बना लिया वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब परिजन मरीज को लेकर स्टेशन परिसर में आगे बढ़ रहे थे तो एक स्थान पर पहुंचकर थक गए. कुछ देर आराम करने के लिए उन्होंने पलंग नीचे रख दिया. इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से यह दृश्य रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि रेलवे स्टेशन पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, तो फिर मरीज को इस तरह पलंग पर लाने की नौबत क्यों आई.

सुविधाएं उपलब्ध होने का दावा

मामले पर झांसी रेल मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी मनोज कुमार ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर मरीजों और जरूरतमंद यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था उपलब्ध रहती है. कई स्थानों पर स्ट्रेचर की सुविधा भी दी जाती है. उनका कहना है कि संभव है संबंधित परिवार ने इन सुविधाओं की मांग नहीं की हो. यदि स्टेशन प्रशासन से संपर्क किया जाता तो उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करा दी जाती.

यात्रियों को सुविधा लेने की सलाह

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि स्टेशन पर तैनात एसएस या डिप्टी एसएस से संपर्क कर यात्री व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं. रेलवे का दावा है कि झांसी स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयर उपलब्ध हैं और जरूरतमंद यात्रियों को बिना किसी परेशानी के यह सुविधा दी जाती है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.