Mathura Waterlogging News: आज सुबह हुई कुछ देर की बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी. शहर के प्रमुख भूतेश्वर पुल के नीचे भारी जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
सुबह करीब 7 बजे से 20 मिनट तक हुई बारिश के बाद ही पुल के नीचे सड़क तालाब में तब्दील हो ग. एक फुट तक पानी भर जाने के कारण दोपहिया वाहन बंद हो गए और पैदल चलने वाले लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ा. स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई.
निगम के दावों की खुली पोल
नगर निगम प्रशासन मानसून से पहले नालों की सफाई और जलभराव रोकने के बड़े-बड़े दावे करता रहा है. लेकिन पहली ही बारिश में भूतेश्वर जैसा व्यस्त इलाका डूब गया.
स्थानीय लोगों का गुस्सा
पुल के पास चाय की दुकान चलाने वाले रमेश चंद शर्मा ने कहा, "हर साल यही तमाशा होता है. 10 मिनट बारिश आती है और पूरा पुल डूब जाता है. निगम वाले सिर्फ कागजों पर नाले साफ करते हैं. आज 3 ग्राहकों की बाइक बंद हो गई."
दर्शन को आए वृंदावन निवासी संतोषी देवी ने बताया, "बुजुर्ग हैं, घुटनों तक पानी में कैसे जाएं प्रशासन और निगम को शर्म आनी चाहिए. श्रद्धालुओं की कोई कदर नहीं है."
वहीं ऑटो चालक अनिल यादव ने कहा, "सवारी बैठाने आए थे, आधा घंटा जाम में फंसे रहे. इंजन में पानी चला गया. अब 500 रुपये का खर्चा अलग से निगम वाले सोते रहते हैं."
ट्रैफिक भी हुआ प्रभावित
जलभराव के कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी.
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि मानसून खत्म होने से पहले भूतेश्वर पुल और आसपास के नालों की सफाई युद्धस्तर पर कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को परेशानी न हो.
ADVERTISEMENT











