Chandauli Interfaith Marriage case: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र के लाहिरपुर निवासी एवं एक निजी विद्यालय की शिक्षिका दीपिका यादव ने मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को प्रार्थना-पत्र सौंपकर गोपालपुर ग्राम प्रधान फातिमा बेगम पर अंतरधार्मिक विवाह को लेकर सार्वजनिक रूप से कथित अपमानजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
प्रार्थना-पत्र में दीपिका यादव ने बताया कि लगभग 12 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी स्वतंत्र इच्छा और विधिक प्रक्रिया के तहत ईशान मिल्की से अंतरधार्मिक विवाह किया था. उनके अनुसार इस विवाह को दोनों परिवारों ने सहमति और सम्मान के साथ स्वीकार किया है तथा आज भी दोनों परिवारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बने हुए हैं. उन्होंने कहा कि वे और उनके पति एक-दूसरे की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सभी प्रमुख पर्व-त्योहार साथ मिलकर मनाते हैं.
शिकायत के अनुसार, गोपालपुर बाजार में कई लोगों की मौजूदगी में ग्राम प्रधान द्वारा उनके अंतरधार्मिक विवाह को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की गईं.
शिक्षिका का आरोप है कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि एक शिक्षिका होने के नाते इस तरह की टिप्पणियों का उनकी पेशेवर छवि और पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है.
पत्रकारों से बातचीत में दीपिका यादव ने आरोप लगाया कि उनकी निजी जिंदगी में लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में ग्राम प्रधान फातिमा बेगम का पक्ष सामने नहीं आया है. प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की जाएगी.
ADVERTISEMENT











