Chandauli News: न्यायालय भवन निर्माण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, बोले- अब हर हाल में समय पर पूरा हो काम

Newzo

• 05:20 PM • 20 Jul 2026

Chandauli Infrastructure Project: चंदौली में निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई. उन्होंने साफ कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और तय समय-सीमा में काम पूरा करना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को आधुनिक न्यायिक सुविधाएं मिल सकें.

न्यायालय भवन निर्माण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, बोले- अब हर हाल में समय पर पूरा हो काम

न्यायालय भवन निर्माण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, बोले- अब हर हाल में समय पर पूरा हो काम

Google CTA

Chandauli Infrastructure Project: जिले में निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में मजदूरों और मशीनों की व्यवस्था कर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए.

यह भी पढ़ें...

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था, रिकॉर्ड कक्ष, प्रशासनिक कार्यालयों तथा वादकारियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया.  उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता, संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति, शेष कार्य, उपलब्ध संसाधनों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली.

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में केवल मानक गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाए तथा सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराए जाएं. साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि नया न्यायालय भवन तैयार होने के बाद अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और वादकारियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इसलिए निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए.

जिलाधिकारी ने परिसर में आने वाले नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि भवन में स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, प्रतीक्षालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए.  साथ ही परिसर में हरित वातावरण विकसित करने, पौधरोपण कराने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के भी निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जिले की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है और इसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है.