Chandauli News: DDU जंक्शन पर ट्रेन से 28 लाख रुपये नकद बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सके यात्री

Newzo

• 02:09 PM • 18 Jul 2026

Chandauli Railway News: चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो युवकों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए. धनराशि से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों को नकदी सहित आयकर विभाग के हवाले कर जांच शुरू कर दी गई.

DDU जंक्शन पर ट्रेन से 28 लाख रुपये नकद बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सके यात्री

DDU जंक्शन पर ट्रेन से 28 लाख रुपये नकद बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सके यात्री

Google CTA

Chandauli Railway News: डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो युवकों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों को आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, वाराणसी के हवाले कर दिया गया.

यह भी पढ़ें...

रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एन. कोलंची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा तथा वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन में रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी और आरपीएफ सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया.

चेकिंग के दौरान यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 एवं 43 पर बैठे दो यात्री एक बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर सफर कर रहे हैं. सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों यात्रियों को रोककर पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली.

पूछताछ में दोनों की पहचान राहुल सोनी (38 वर्ष) एवं पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उनके बैग से 28,00,000 रुपये नकद बरामद हुए. जब पुलिस ने धनराशि के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो दोनों कोई संतोषजनक उत्तर या आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद जीआरपी ने तत्काल आयकर विभाग, वाराणसी को सूचना दी. सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने दोनों युवकों और बरामद नकदी को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी.

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवक जबलपुर से हावड़ा जाने वाली कोलकाता मेल एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे. उनके पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए, लेकिन धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया. इसलिए पूरी रकम को आयकर विभाग को सौंप दिया गया है. अब आयकर विभाग धनराशि के स्रोत और उसकी वैधता की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगा.