ममेरी बहन को भगा ले गया भाई... लड़की के माता पिता दिल्ली में कर रहे थे मजदूरी पीछे हो गया कांड

अजय झा

• 04:01 PM • 15 Jul 2026

Jhansi News: झांसी के मऊरानीपुर में नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने ममेरे भाई पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Jhansi News

Jhansi News

Google CTA

Jhansi News: झांसी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि एक युवक अपनी ही नाबालिग ममेरी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. पीड़ित परिवार का कहना है कि किशोरी घर से जेवर और नकदी भी लेकर गई है. परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी अब तक उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और किशोरी की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. परिवार ने इस मामले में अपने ही रिश्तेदार के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के मुताबिक, किशोरी के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं, जबकि गांव में उनकी बेटी अपने भाइयों और दादी के साथ रहती थी.

21 जून से गायब है किशोरी

परिजनों के अनुसार, 21 जून की सुबह किशोरी घर से शौच जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिवार ने आसपास तलाश की. रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. सूचना मिलने पर माता-पिता भी गांव पहुंचे और खोजबीन की, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली.

रिश्ते में लगने वाला ममेरा भाई भगा ले गया किशोरी को?

परिवार का आरोप है कि रिश्तेदारी में आने वाला एक युवक, जिसे किशोरी का ममेरा भाई बताया जा रहा है, अक्सर उनके घर आता-जाता था. इसी दौरान उसने किशोरी से संपर्क बढ़ाया और मोबाइल के माध्यम से लगातार बातचीत करता रहा. परिजनों का दावा है कि उसी ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर घर से साथ ले जाने की योजना बनाई.

परिजनों का यह भी आरोप है कि किशोरी अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवरा, नकदी और उसके नाम जमा करीब एक लाख रुपये भी लेकर गई है. उनका कहना है कि जब उन्होंने आरोपी के परिजनों से जानकारी लेने की कोशिश की तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.

किशोरी की मां ने की ये अपील

पीड़िता की मां का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली. मां का कहना है कि उनकी बेटी अभी नाबालिग है और उसकी सुरक्षा को लेकर पूरा परिवार चिंतित है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए, क्योंकि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है.

पुलिस जुटी किशोरी की तलाश में 

वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, किशोरी के बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.