गोरखपुर के महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित एक विशाल रैली के दौरान योगी सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. मंच से भाषण देते समय वे फूट-फूट कर रोने लगे. डॉ. संजय निषाद अपने समाज (निषाद समाज) के पिछले कई दशकों के संघर्ष और हक की लड़ाई का जिक्र कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उनके समाज के बच्चों के भविष्य और शिक्षा को पिछली सरकारों ने दबाने की कोशिश की. उन्होंने भावुक होकर आरोप लगाया कि बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने उनके समाज की 'वर्ग तीन' की जमीनें छीनीं और समाजवादी पार्टी (SP) ने उनके बच्चों की शिक्षा का अधिकार छीना.
ADVERTISEMENT
संजय निषाद ने कहा कि निषाद समाज ने देश को आजाद कराने में बड़ी भूमिका निभाई और अंग्रेजों को भगाया, लेकिन बदले में उन्हें केवल गरीबी मिली. इसी ऐतिहासिक अन्याय को याद कर वे मंच पर ही रो पड़े. डॉ. संजय निषाद ने एक बड़ी बाइक रैली के साथ पार्क में प्रवेश किया, जहां उन पर फूलों की बारिश की गई. उन्होंने भीड़ से कहा कि यह 'किराए की भीड़' नहीं है, बल्कि यह उन लोगों की ताकत है जो अपने हक के लिए जाग चुके हैं. उन्होंने निषाद समाज की सभी जातियों को एक बैनर के नीचे आने का आह्वान किया. भावुक भाषण के बीच उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी निषाद समाज को उनका उचित हिस्सा देना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT









