कानपुर तपेश्वरी माता मंदिर विवाद: बजरंग दल ने मुस्लिम दुकानदारों को खदेड़ा

Tapeshwari Devi Temple Kanpur Controversy: कानपुर के तपेश्वरी माता मंदिर के बाहर मेले में भारी बवाल! बजरंग दल ने मुस्लिम दुकानदारों को नाम पूछकर हटाया. जानिए हिंदू दुकानदारों के क्या हैं आरोप और क्या कह रहे हैं बजरंग दल के नेता.

यूपी तक

• 11:50 PM • 22 Mar 2026

follow google news

कानपुर के प्रसिद्ध तपेश्वरी माता मंदिर के बाहर लगने वाले मेले में हिंदू और मुस्लिम दुकानदारों के बीच विवाद गहरा गया है. इस विवाद में बजरंग दल की एंट्री हुई है, जिसके कार्यकर्ताओं ने मेले में मुस्लिम दुकानदारों को नाम पूछकर वहां से खदेड़ा और उन्हें दुकान न लगाने की चेतावनी दी है. मंदिर के बाहर सिंदूर और खाने-पीने की दुकान लगाने वाले हिंदू दुकानदारों का आरोप है कि मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने उन्हें धमकाया और वहां से अपनी दुकानें हटाने को कहा. एक महिला दुकानदार (गुड़िया) ने बताया कि करीब 15-20 मुस्लिम लोग आए और उन्होंने कहा कि "दुकान हटा लो, यहाँ हम अपनी दुकान लगाएंगे." उन्होंने दुकान फेंक देने की धमकी भी दी.

यह भी पढ़ें...

हिंदू दुकानदारों की शिकायत पर बजरंग दल के नेता शिवम सोनकर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुस्लिम दुकानदारों से उनके नाम पूछे और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा. शिवम सोनकर ने कहा कि जो लोग हमारी मां (तपेश्वरी माता) को नहीं मानते, जो सिंदूर का महत्व नहीं जानते, वे मंदिर के बाहर सिंदूर क्यों बेच रहे हैं? उन्होंने इसे एक षड्यंत्र और 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने वाली योजना बताया. बजरंग दल ने दो दिन पहले ही पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर मांग की थी कि मंदिर के मेले में मुस्लिम दुकानदारों को अनुमति न दी जाए.