मेरठ के सरधना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव में ईद के दिन पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जिससे त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गईं. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पक्ष और दूसरे पक्ष के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, जो लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के हमले में बदल गई.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें कि मृतक 38 वर्षीय भूरा और 48 वर्षीय समुद्दीन. दोनों सगे भाई थे और मजदूरी (लकड़ी काटने का काम) करते थे. हमले में पीड़ित पक्ष के कई लोग (तौहीद, अजरुद्दीन, सलमान, आमिर आदि) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दूसरे पक्ष से साजिद और उसका बेटा साकिब भी घायल बताए जा रहे हैं. कुल मिलाकर 8 से 10 लोग जख्मी हुए हैं.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है. परिजनों का आरोप है कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे, तभी उन्हें झगड़े की सूचना मिली. जब वे बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने उन पर छुरियों और गंडासों से हमला कर दिया.
ADVERTISEMENT









