AIIMS गोरखपुर में नागालैंड की डॉक्टर को देख युवक ने उतारी शर्ट, दी गईं गालियां... 22 फरवरी रात 8 बजे बहुत कुछ हुआ

गजेंद्र त्रिपाठी

24 Feb 2026 (अपडेटेड: 24 Feb 2026, 12:33 PM)

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर एम्स की नागालैंड निवासी महिला डॉक्टर के साथ ओरियन मॉल से लौटते समय छेड़खानी और नस्लीय उत्पीड़न की शर्मनाक वारदात सामने आई है. मनबढ़ों ने डेढ़ किलोमीटर तक पीछा किया, शर्ट उतारकर डराया और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया.

Gorakhpur Crime News

Gorakhpur Crime News

Google CTA

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर में AIIMS की एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ छेड़खानी और बैडटच का मामला सामने आया है. आरोप है कि शहर के ओरियन मॉल से लौटते समय 3 लोगों ने नागालैंड की महिला डॉक्टर का पीछा किया गया. आरोप है कि इस दौरान करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करते हुए गंदे कमेंट किए गए. साथ ही एक युवक ने लेडी डॉक्टर को डराते हुए अपनी शर्ट उतार दी. इस खबर के सामने आते ही हड़कंप मच गया. साथ  ही लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या लोगों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है.

यह भी पढ़ें...

नागालैंड की रेजिडेंट डॉक्टर के साथ बदसलूकी

ये पूरी घटना 22 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है. एम्स में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग (OBGY) में तीसरे साल की रेजिडेंट डॉक्टर ओरियन मॉल से वापस लौट रही थीं. आरोप है कि तीन युवकों ने मॉल के बाहर से ही उनका पीछा करना शुरू कर दिया. वे लगातार नस्लवादी कमेंट्स कर रहे थे और गालियां दे रहे थे. हद तो तब हो गई जब एक युवक ने डॉक्टर को डराने के लिए सरेराह अपनी शर्ट उतार दी. फिर पीछा करते हुए आरोपी एम्स के गेट नंबर 2 के पास सेना शिविर तक पहुंच गए. यहां एक युवक ने महिला डॉक्टर को गलत तरीके से छुआ डॉक्टर के शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना से पीड़िता गहरे सदमे और मानसिक आघात में है.

दोषियों के खिलाफ कब होगा एक्शन

मामले की जानकारी मिलते ही नॉर्थ ईस्ट फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स' (NAFORD) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मोर्चा खोल दिया. फेडरेशन ने मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. नाफोर्ड के प्रेसिडेंट डॉ. देवेश दुबे ने इसे एक गंभीर नस्लीय और यौन हमला बताते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है. पत्र में मांग की गई है कि 'ओरियन मॉल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जाएं. दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए और मेडिकल संस्थानों और पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा बढ़ाई जाए.'

एक्शन मोड में पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर एम्स थाने में संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज की मदद से एक संदिग्ध बाइक को चिन्हित कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं.