Gonda Police Action: अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबगंज पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूरे राम प्रसाद से पूरे बालू जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक बलेनो कार की आड़ में पीछे चल रहे डीसीएम वाहन से गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से ले जा रहे हैं. सूचना पर गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई. इस दौरान पुलिस ने बलेनो कार चालक अय्याज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि डीसीएम चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए.
डीसीएम की तलाशी लेने पर उसमें 10 गोवंशीय पशु रस्सियों से बंधे हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कर सुरक्षित कराया. साथ ही बलेनो कार और डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया.
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में गठित टीम ने पूर्व में इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. फरार चल रहे दो अन्य वांछित आरोपी धर्म प्रकाश यादव और राज नारायण को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी थाना नवाबगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 258/2026 में वांछित थे. उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया.
ADVERTISEMENT











