Mirzapur Accident News: चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के पास खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, गांव के समीप गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भर गया था.
ADVERTISEMENT
सोमवार शाम खेत से लौटने के दौरान गांव निवासी सत्यम (7 वर्ष) पुत्र कड़ेदिन और किशन (6 वर्ष) पुत्र सुरेश उर्फ कालिया पानी से भरे गड्ढे में डूब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. आक्रोशित ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची चील्ह थाना पुलिस ने परिजनों को समझाकर दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए.
घटना पर मिर्जापुर की सांसद, केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने गहरा शोक व्यक्त किया. उनके निर्देश पर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश उपाध्यक्ष (आईटी मंच) दुर्गेश पटेल के नेतृत्व में देर रात हरसिंहपुर पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित करने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की भी मांग की गई.
ADVERTISEMENT











