Gonda Administration News: गोण्डा जनसुनवाई को प्रभावी, संवेदनशील और जनहितकारी बनाने की दिशा में गोण्डा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया. कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान गंभीर रूप से बीमार एक महिला की समस्या का तत्काल समाधान कर प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण प्रस्तुत किया गया.
ADVERTISEMENT
विकासखण्ड रूपईडीह के ग्राम भुलईडीह निवासी ज्योतिराज, पत्नी फूल चन्द्र चौधरी, अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुँचीं. उन्होंने बताया कि उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं और उन्हें नियमित रूप से महंगी दवाइयों के साथ-साथ समय-समय पर डायलिसिस करानी पड़ती है. आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च वहन करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है.
महिला ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके पास ऐसा कोई दस्तावेज या सुविधा नहीं है, जिससे वह सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें. शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल अन्त्योदय राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए.
डीएम के निर्देशों का तत्काल पालन करते हुए जिला पूर्ति विभाग ने जनता दर्शन के दौरान ही महिला का अन्त्योदय राशन कार्ड बनाकर उपलब्ध करा दिया. इस त्वरित कार्रवाई से महिला और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली.
जिलाधिकारी ने बताया कि अन्त्योदय राशन कार्ड बनने के बाद अब महिला का आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाया जाएगा. इसके माध्यम से उन्हें सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे डायलिसिस और अन्य आवश्यक उपचार का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुँच सके.
जिलाधिकारी की इस त्वरित और मानवीय पहल की आमजन ने सराहना करते हुए इसे संवेदनशील एवं जनहितैषी प्रशासन की मिसाल बताया.
ADVERTISEMENT











