Barabanki Sawan Mela: सावन मेले के दौरान लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं, लेकिन महादेवा धाम से जुड़े कई संपर्क मार्गों की बदहाल स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है. सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियां अब सड़क तक फैल गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और स्थानीय राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT
रामनगर- फतेहपुर मार्ग समेत महादेवा पुलिस चौकी से गोबरहा होते हुए गणेशपुर जाने वाला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क मार्ग, कड़ाकापुर, सूरतगंज, बखारेपुर, बिंदौरा–परसपुर और पांचूपुरवा मार्ग पर झाड़ियों की समय पर कटाई नहीं कराई गई है. कई स्थानों पर झाड़ियां सड़क की पटरी से आगे तक फैल गई हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है.
सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को महादेवा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु लेटकर परिक्रमा करते हुए मंदिर पहुंचते हैं. ऐसे में सड़क किनारे फैली झाड़ियां उनके लिए असुविधा के साथ-साथ चोट का कारण भी बन सकती हैं. पैदल यात्रियों और कांवड़ियों को भी संकरी होती सड़क के कारण परेशानी उठानी पड़ सकती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के कारण झाड़ियां तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अभी तक व्यापक स्तर पर सफाई अभियान नहीं चलाया गया. लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों पर तत्काल झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराई जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT











