Gonda News: जिला पंचायत सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दयानंद प्रसाद की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला अनुश्रवण समिति तथा जिला पोषण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न शैक्षिक एवं पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी बैठक के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं से संबंधित प्रगति रिपोर्ट एवं आंकड़े निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित पोर्टलों पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं. उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय से पहुंचना चाहिए.
ADVERTISEMENT
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में छात्र नामांकन, उपस्थिति, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), मध्यान्ह भोजन योजना, शिक्षण गुणवत्ता, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं तथा विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई. सीडीओ ने निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और किसी भी पात्र छात्र को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए.
बैठक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर दिया गया. मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह एक महिला एवं एक पुरुष अधिकारी की संयुक्त टीम बनाकर सभी कस्तूरबा विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया जाए. निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट फोटो एवं पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से अगली समीक्षा बैठक में प्रस्तुत की जाएगी, ताकि विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके.
जिला पोषण समिति की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, टेक होम राशन वितरण, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान, उनके उपचार तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. सीडीओ ने कहा कि प्रदेश सरकार कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.
|उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा जहां भी कमियां हों, उन्हें तत्काल दूर किया जाए. साथ ही सभी आंकड़ों की शुद्धता एवं समय-समय पर अद्यतन किए जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए.
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिक्षा और पोषण दोनों ही समाज के समग्र विकास की आधारशिला हैं. इसलिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें. बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के परियोजना अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











