Gonda News: प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नकली, नशीली एवं एलोपैथिक दवाएं बरामद कर तीन अवैध गोदामों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई 16 से 18 जुलाई तक लगातार तीन दिनों तक चली.
ADVERTISEMENT
अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त गोपनीय सूचना पर प्रदेश के नौ जनपदों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव क्षेत्र में छापेमारी की. जांच के दौरान बिना लाइसेंस संचालित तीन गोदामों से भारी मात्रा में ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम टैबलेट, कोडीन फॉस्फेट सिरप, डिपट्राम प्लस, सेम्प्लेक्स प्लस समेत कई प्रतिबंधित एवं मनःप्रभावी दवाएं बरामद हुईं. संचालक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पूरे स्टॉक को सीज कर दिया गया.
संयुक्त टीम ने 19 विभिन्न दवाओं के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं. पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन फरार है. मामले में थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है.
अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार नकली और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.
ADVERTISEMENT











