Gonda News: ड्रोन सर्विलांस के बाद आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 500 लीटर कच्ची शराब व चार भट्टियां नष्ट

Newzo

• 05:19 PM • 15 Jul 2026

Gonda Illegal Liquor Case: गोंडा में आबकारी विभाग और पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस के जरिए अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी में 500 लीटर कच्ची शराब, चार भट्टियां और 2000 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया. छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई.

ड्रोन सर्विलांस के बाद आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 500 लीटर कच्ची शराब व चार भट्टियां नष्ट

ड्रोन सर्विलांस के बाद आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 500 लीटर कच्ची शराब व चार भट्टियां नष्ट

Google CTA

Gonda News: आबकारी आयुक्त एवं प्रमुख सचिव के निर्देशों के अनुपालन में जनपद गोंडा में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और नवाबगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की. टीम ने थाना नवाबगंज क्षेत्र के दुर्गागंज माझा गांव में ड्रोन की सहायता से छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा.

यह भी पढ़ें...

छापेमारी के दौरान ड्रोन से पूरे माझा क्षेत्र की निगरानी की गई. इसके आधार पर विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 500 लीटर अवैध कच्ची शराब, चार अवैध शराब भट्टियां तथा करीब 2000 किलोग्राम कच्चा लहन (शराब बनाने का कच्चा माल) बरामद किया गया. बरामद अवैध शराब, भट्टियों और कच्चे माल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका दोबारा उपयोग न हो सके.

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाते हुए थाना नवाबगंज में छह व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक, विशेषकर ड्रोन के उपयोग से दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी एवं कार्रवाई संभव हो रही है.

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की सराहना की है.